तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी क्षेत्र में हुई एक NRI की शादी इन दिनों पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस भव्य शादी समारोह के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दूल्हा अपनी दुल्हन पर जमकर नोटों की बारिश कर रहा है। इस दौरान वहां मौजूद रिश्तेदार भी इस नजारे को देखकर हैरान हैं। वहीं, कुछ लोग इस जश्न में डूबकर डांस कर रहे हैं और वे भी हवा में नोट उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं।
बैग भरकर लाया था दूल्हा, 8 से 9 करोड़ रुपये उड़ाने का दावा
वायरल हो रहे वीडियो के साथ यह दावा किया जा रहा है कि यह NRI दूल्हा नोटों से भरे बैग लेकर शादी में पहुंचा था। वीडियो में दिख रहा है कि उसने नोटों की गड्डियां खोल-खोलकर अपनी दुल्हन पर लुटा दीं। इंटरनेट पर यह चर्चा जोरों पर है कि इस जश्न के दौरान दूल्हे ने करीब 8 से 9 करोड़ रुपये हवा में उड़ा दिए। इस बेतहाशा खर्च को देखकर हर कोई दंग रह गया और यह शादी रातों-रात इंटरनेट पर छा गई।
डीजे वाले ने बताई करोड़पति शादी की असल सच्चाई, लोग कर रहे आलोचना
करोड़ों रुपये उड़ाने के इन दावों के बीच शादी में डीजे बजाने पहुंचे युवक ने एक अलग ही सच्चाई बयां की है। युवक ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि हवा में उड़ाए गए नोटों में 10-10 रुपये के नोटों की संख्या सबसे ज्यादा थी। इसी वजह से रुपयों का ढेर बहुत बड़ा लग रहा था। युवक के मुताबिक, उनकी कोई करोड़ों की कमाई नहीं हुई है, बल्कि डॉलर मिलाकर कुल 3 लाख रुपये ही उनके हाथ लगे हैं। दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स इसे जश्न मनाने का एक अनोखा और शाही अंदाज बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग इसे महज दिखावा और पैसे की भारी फिजूलखर्ची करार दे रहे हैं।

Royal wedding in Punjab: NRI groom showers bride with currency notes, claims to have spent 8 crore rupees




