You are currently viewing पंजाब में बम की धमकी से हड़कंप, मोहाली के स्कूलों और फोर्टिस अस्पताल को उड़ाने का आया ईमेल, CM मान भी हैं यहीं भर्ती

पंजाब में बम की धमकी से हड़कंप, मोहाली के स्कूलों और फोर्टिस अस्पताल को उड़ाने का आया ईमेल, CM मान भी हैं यहीं भर्ती

मोहाली: देश भर में लगातार मिल रही बम की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में आज सुबह पंजाब के मोहाली में उस वक्त भारी दहशत फैल गई, जब शहर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह खौफनाक धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हाई अलर्ट पर आ गईं और एहतियात के तौर पर स्कूलों को फौरन खाली करवा लिया गया।

इस थ्रेट ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद इसलिए भी उड़ा दी है क्योंकि इसमें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया है। यह वही अस्पताल है जहां वर्तमान में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इलाज के लिए भर्ती हैं। ईमेल में अस्पताल का नाम सामने आते ही पुलिस प्रशासन में जबरदस्त हड़कंप मच गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत भारी पुलिस बल और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल सुबह करीब साढ़े आठ बजे भेजा गया था, जिसमें बम ब्लास्ट का समय 11 बजे बताया गया है। गौरतलब है कि बीते सोमवार से ही स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, जिसके चलते सभी बच्चे सुबह ही स्कूल पहुंच चुके थे। धमकी की खबर लगते ही मोहाली के फेज-2 स्थित ज्ञान ज्योति स्कूल समेत अन्य संबंधित स्कूलों में तुरंत छुट्टी कर दी गई और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल स्कूल के अंदर और बाहर पुलिस की टीमें और बम निरोधक दस्ते सघन चेकिंग अभियान चला रहे हैं।

Bomb threat in Punjab; email threatening to blow up schools and Fortis Hospital in Mohali