फिरोजपुर: फिरोजपुर के गांव अक्कू मस्तके में आज मामूली जमीनी विवाद के चलते एक युवक ने अपने मामा की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मुख्तियार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुख्तियार सिंह और उसके भांजे सुखदेव सिंह की जमीनें आसपास ही थीं और जमीन की सीमा को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था।
सिविल अस्पताल में मौजूद मृतक मुख्तियार सिंह के बड़े भाई ने बताया कि उनका भाई खेत में धान की फसल को पानी दे रहा था। उसी दौरान उनका भांजा सुखदेव सिंह वहां पहुंचा और मुख्तियार सिंह से गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुखदेव सिंह और उसके परिजनों ने मुख्तियार को गोली मार दी। आरोप है कि गोली लगने के बाद भी आरोपी उसे घसीटते हुए अपनी हवेली में ले गए और वहां पर तेजधार हथियार से उस पर हमला करते रहे, जिससे मुख्तियार की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना की पुष्टि करते हुए एसपीडी मनजीत सिंह ने बताया कि मुख्तियार सिंह की मौत गोली लगने से हुई है। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और मुख्तियार सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में लाया गया है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद की बात सामने आई है।
View this post on Instagram
Nephew’s brutality in Punjab