You are currently viewing 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, अंडरवॉटर कैमरे में दिखी बच्चे की स्थिति; रेस्क्यू में जुटी NDRF और सेना

220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, अंडरवॉटर कैमरे में दिखी बच्चे की स्थिति; रेस्क्यू में जुटी NDRF और सेना

अंबाला: हरियाणा के अंबाला में मंगलवार सुबह खेलते-खेलते 4 साल का एक मासूम बच्चा 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में डीसी अजय सिंह तोमर समेत प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बच्चे की जान बचाने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

दादा को खाना देने खेत पर गया था मासूम

मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना अंबाला के धन्यौड़ा गांव की है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे 4 वर्षीय निर्भय अपने पिता के साथ खेत में काम कर रहे अपने दादा को खाना देने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि खेत में खेलते समय अचानक मासूम निर्भय का पैर फिसल गया और वह सीधे खुले पड़े गहरे बोरवेल के अंदर जा गिरा। घटना के बाद से ही बदहवास परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रेस्क्यू में जुटी NDRF और सेना, पानी ने बढ़ाई चुनौती

मासूम निर्भय को जल्द से जल्द और सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। मौके पर एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और भारतीय सेना की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं। हालांकि, इस रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी रुकावट बोरवेल के अंदर मौजूद पानी बन रहा है। बताया जा रहा है कि बोरवेल में करीब 60 फीट की गहराई से ही पानी शुरू हो जाता है, जिसके कारण बच्चे की सही स्थिति और गहराई का पता लगाने में रेस्क्यू टीम को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

अंडरवॉटर कैमरे में दिखी बच्चे की दर्दनाक स्थिति

बोरवेल के अंदर के हालात का जायजा लेने के लिए बचाव दल ने रस्सी के सहारे पानी के अंदर काम करने वाले (अंडरवॉटर) कैमरे उतारे हैं। एनडीआरएफ टीम के एक सदस्य ने बताया कि कैमरे की फुटेज में बच्चे का एक हाथ ऊपर की ओर उठा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि उसकी गर्दन नीचे की तरफ झुकी हुई है। रेस्क्यू टीम ने बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश में बोरवेल के अंदर एक कुंडी भी डाली थी, लेकिन बदकिस्मती से उसमें बच्चे का कपड़ा नहीं फंस पाया। मासूम का हाथ ऊपर की ओर फंसे होने के कारण उसे सुरक्षित खींचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूरा प्रशासन और ग्रामीण मासूम की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

4-year-old child falls into 220-foot-deep borewell; child’s condition visible via underwater camera