कैलगेरी: बेहतर भविष्य का सपना लेकर कनाडा जाने वाले कुछ भारतीय युवाओं की आपराधिक गतिविधियों ने एक बार फिर देश की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कनाडा के कैलगेरी शहर की पुलिस ने इंटरनेशनल स्टूडेंट वीजा, विजिटर वीजा और वर्क परमिट पर आए 15 भारतीय युवाओं की तस्वीरें जारी की हैं। ये सभी नौजवान कैलगेरी में जबरन वसूली और फायरिंग जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में वांटेड हैं। पुलिस द्वारा इन सभी की तस्वीरें सार्वजनिक कर आम जनता से इनकी गिरफ्तारी के लिए मदद और अहम जानकारी मांगी गई है।
फौती और गोलीबारी समेत 56 गंभीर मामले दर्ज
कैलगेरी पुलिस के मुताबिक, ये सभी आरोपी लंबे समय से इलाके में आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इन 15 भारतीय युवाओं के खिलाफ फिरौती मांगने (एक्सटॉर्शन), डराने-धमकाने और गोलियां चलाने के मामलों में कुल 56 कड़े चार्ज (आरोप) लगाए हैं। जांच में सामने आया है कि ये लोग गुट बनाकर आपराधिक नेटवर्क चला रहे थे और व्यापारियों समेत आम लोगों से जबरन वसूली कर रहे थे। इनकी बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस ने अब इन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
इन वांटेड आरोपियों के नाम आए सामने
कैलगेरी पुलिस द्वारा जारी की गई लिस्ट में शामिल सभी 15 आरोपी भारतीय नागरिक हैं, जिनकी उम्र 19 से 39 साल के बीच है। पुलिस की वांटेड लिस्ट में 20 वर्षीय रवजोत तूर, 22 वर्षीय जर्मनजीत सिंह, 21 वर्षीय जसकरन सिंह उर्फ जस्सी बुट्टर, 21 वर्षीय करनबीर सिंह उर्फ करन सिंह, 21 वर्षीय अमनदीप सिंह उर्फ शिवा सिंह और 21 वर्षीय अनुराग सिद्धू का नाम शामिल है। इसके अलावा 19 वर्षीय ईशानदीप सिंह, 39 वर्षीय अमनदीप मल्ही उर्फ हरमन गिल, 32 वर्षीय संदीप सिंह, 25 वर्षीय दक्ष गौतम, 19 वर्षीय आकाशदीप सिंह, 29 वर्षीय गगनदीप सिंह उर्फ गग्गी, 24 वर्षीय परदीप सिंह, 24 वर्षीय तरनवीर सिंह और 21 वर्षीय गुरकरन धालीवाल को भी इन मामलों में नामजद किया गया है।
पुलिस ने आम जनता से की सहयोग की अपील
इन गंभीर आपराधिक मामलों की जांच कर रही कैलगेरी पुलिस ने अब आम लोगों और स्थानीय समुदाय से सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों की पहचान और इनके ठिकानों के बारे में अगर किसी के पास कोई भी जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस विभाग से संपर्क करे। जानकारी देने वालों की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय में भी हड़कंप मच गया है।


15 Indians on Canadian police radar; photos released in connection with extortion and shooting cases




