जालंधर: शहर के टांडा फाटक के पास स्थित एक कोठी में पिछले चार महीने से काम कर रहा 14 वर्षीय नाबालिग अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बच्चे की बेबस मां कलावती ने अपने लाल को ढूंढने के लिए पुलिस के आला अधिकारियों से गुहार लगाई है। न्याय की आस में पीड़ित परिवार पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा और मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है।
4 महीने से बच्चे से मिलने तक नहीं दिया गया, अब फोन कर कहा- कहीं चला गया है
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की रहने वाली पीड़ित मां कलावती ने बताया कि उसका बेटा पिछले चार महीने से उक्त कोठी में काम कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान कोठी मालिकों ने परिवार को बच्चे से कभी मिलने नहीं दिया और न ही फोन पर कोई बात कराई गई। कुछ दिन पहले अचानक मकान मालिक का फोन आया और उन्होंने कह दिया कि बच्चा घर पर नहीं है और अपनी मर्जी से कहीं चला गया है। इस सूचना के बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना डिवीजन नंबर-3 में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस ने दिखाया CCTV फुटेज, इंसाफ न मिलने पर सड़क जाम करने की चेतावनी
कलावती ने बताया कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने उन्हें कोठी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की एक फुटेज दिखाई। इस वीडियो में बच्चा सही-सलामत घर से बाहर जाता हुआ नजर आ रहा है। मामले में शिवसेना लायंस के नेता सुनील कुमार बंटी भी पीड़ित परिवार के समर्थन में पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचे। उनका कहना है कि भले ही बच्चा फुटेज में खुद बाहर जाता दिख रहा है, लेकिन पुलिस की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह बच्चे को सुरक्षित ढूंढकर उसकी मां के हवाले करे। वहीं, पीड़ित मां ने पुलिस प्रशासन को खुली चेतावनी दी है कि अगर जल्द से जल्द उसके बेटे को नहीं ढूंढा गया, तो वह लोगों के साथ मिलकर सड़कों पर उतरेगी और उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।


14-year-old minor, who had been working for four months, goes missing; distraught mother reaches Police Commissioner’s office








