जालंधर: शहर के गदईपुर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक मुर्गी फार्म के पास गहरे प्लाट में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना मिलते ही थाना-8 की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शव के पास से ही एक बाइक (PB-08-FS 3587) भी बरामद हुई है, जिसके वाइजर पर शिवसेना का चिह्न ‘तीर’ का निशान बना हुआ है। इस निशान और मौके के हालातों ने इस पूरे मामले को और भी रहस्यमयी बना दिया है।
गहरे प्लाट में औंधे मुंह पड़ा था शव, बुलानी पड़ी JCB
जानकारी के मुताबिक, जिस खाली प्लाट में युवक का शव मिला है, वह मुख्य सड़क से करीब 6 से 7 फीट गहरा है। इसी गहरे गड्ढे में युवक की बाइक गिरी हुई थी और उसके ठीक बगल में युवक औंधे मुंह पड़ा हुआ था। प्लाट की गहराई ज्यादा होने के कारण शव को सड़क तक लाने के लिए पुलिस को मौके पर JCB मशीन बुलानी पड़ी।
पहचान जुटाने की कोशिश जारी, मालिक से हो रही पूछताछ
पुलिस मुलाजिमों के मुताबिक, फिलहाल मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौके पर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर शव की पहचान करवाने की लगातार कोशिश की जा रही है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी विनोद ने अंदेशा जताया है कि मृतक कोई प्रवासी मजदूर लग रहा है, जो संभवतः आसपास ही किसी के पास काम करता था। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए उसके मालिक को भी पूछताछ के लिए मौके पर बुला लिया है।
हत्या या हादसा? हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस पूरी घटना को महज़ एक सड़क हादसा मानकर नहीं चल रही है, बल्कि कत्ल और एक्सीडेंट दोनों ही एंगल्स से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया जा रहा है। मृतक की स्पष्ट शिनाख्त होने और परिजनों या परिचितों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Youth’s Body Found in 7-Foot-Deep Plot in Jalandhar; Bike Bearing Shiv Sena Symbol Complicates the Case








