जालंधर: पंजाब में मौसम पल-पल अपना मिजाज बदल रहा है। अगर आप आज घर से बाहर निकलने की सोच रहे हैं, तो जरा संभल जाएं। शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने खास तौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का और मुक्तसर जिलों के लिए तेज आंधी और बरसात का अलर्ट जारी किया है।
शनिवार से शुरू होगा गर्मी का टॉर्चर, 5 दिन तक लू का अलर्ट
आज की बारिश और ठंडी हवाओं के बाद लोगों को यह राहत ज्यादा दिन तक नसीब नहीं होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से पंजाब में एक बार फिर चिलचिलाती गर्मी का प्रकोप भयंकर रूप लेने वाला है। शनिवार से अगले पांच दिनों के लिए पूरे राज्य में ‘हीट वेव’ (लू) का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पंजाब के अधिकतम तापमान में सीधे चार डिग्री तक का भारी उछाल देखने को मिल सकता है, जिससे दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।
बठिंडा तपा, पारा 42 के पार, जानें बाकी शहरों का हाल
हालिया तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पंजाब के कुल तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली वृद्धि दर्ज की गई है, जो फिलहाल सामान्य के करीब है। राज्य में बठिंडा सबसे ज्यादा तप रहा है, जहां 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भीषण गर्मी रिकॉर्ड की गई। वहीं, सबसे कम 18 डिग्री का न्यूनतम पारा एसबीएस नगर में दर्ज हुआ। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में अमृतसर का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री, लुधियाना का 38.4 डिग्री, पटियाला का 40.4 डिग्री, पठानकोट का 37.6 डिग्री, फाजिल्का का 40.9 डिग्री और फिरोजपुर का 38.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रात के पारे की बात करें तो अमृतसर का न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री और लुधियाना का 19.8 डिग्री रहा। आने वाले दिनों में इस दोहरे मौसम के चलते लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की हिदायत दी गई है।

Weather Launches a ‘Double Attack’ on Punjab: Alert Issued for Storms and Rain in These Districts Today








