अमृतसर: अमृतसर स्थित मजीठा रोड के एसजी एन्क्लेव में शनिवार रात 100 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया। करीब 40 एकड़ जमीन के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद बीती रात एक बड़े हंगामे में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच प्लॉट और साझा जमीन के इस्तेमाल को लेकर हुई तीखी बहस कुछ ही देर में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। डायल 112 से सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
शांतिपूर्ण धरने पर मारपीट और फर्जीवाड़े का आरोप
इस बड़े विवाद में पीड़ित पक्ष के प्रतिनिधि हरिंदर सिंह ढिल्लों ने दूसरे गुट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि यह 40 एकड़ जमीन साल 2000 में दोनों पक्षों द्वारा संयुक्त रूप से खरीदी गई थी और इसमें उनकी 50 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। ढिल्लों का आरोप है कि दूसरा पक्ष जाली दस्तावेजों और फर्जी एनओसी (NOC) के जरिए इस करोड़ों की संपत्ति पर अवैध कब्जा जमाने की साजिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि इसी नाइंसाफी के खिलाफ वे अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे थे, तभी उन पर हमला कर दिया गया और मारपीट करते हुए उन्हें जबरन हटाने की कोशिश की गई।
प्रॉपर्टी कारोबारियों की दबंगई और धमकियां
हरिंदर सिंह ढिल्लों ने इस पूरे मामले में शहर के कुछ प्रभावशाली लोगों और बड़े प्रॉपर्टी कारोबारियों के शामिल होने का दावा किया है। उनका कहना है कि रसूखदारों के इशारे पर उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। खौफजदा पीड़ित परिवार ने अब पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। आधी रात को हुए इस हिंसक विवाद ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, डीएसपी ने दिया भरोसा
जमीन विवाद की इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में लेकर गहन जांच शुरू कर दी है। डीएसपी यादविंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोनों पक्षों को सुना जा रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि पुलिस जांच में जो भी तथ्य और सबूत निकलकर सामने आएंगे, उसी के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Violent Midnight Clash in Amritsar Over Land Worth 100 Crore; Two Factions Engage in Fierce Brawl Over Possession








