You are currently viewing AAP विधायक की गाड़ी रोकने पर बवाल, भड़के डिंपी ढिल्लों ने ASI को करवाया सस्पेंड, बोले- ‘उसने अपनी पावर दिखाई, मैंने अपनी’

AAP विधायक की गाड़ी रोकने पर बवाल, भड़के डिंपी ढिल्लों ने ASI को करवाया सस्पेंड, बोले- ‘उसने अपनी पावर दिखाई, मैंने अपनी’

मोहाली: पंजाब के मोहाली में पुलिस नाके पर आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक की गाड़ी रोकना एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) को भारी पड़ गया। मुक्तसर जिले के गिद्दड़बाहा से विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए मोहाली के एसएसपी से शिकायत कर दी, जिसके बाद आरोपी एएसआई को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद विधायक ने खुद एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है और पुलिस की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए हैं।

ब्लिंकर लाइट से शुरू हुआ विवाद

यह पूरी घटना उस वक्त हुई जब विधायक डिंपी ढिल्लों अपनी पत्नी और ड्राइवर जगतार के साथ मोहाली में खाना खाने जा रहे थे। रास्ते में फेज-8 थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने नाका लगाया हुआ था, जहां एएसआई लखबीर सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। एएसआई ने विधायक की गाड़ी पर लगी ब्लिंकर लाइट को देखकर गाड़ी रुकवा ली और ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी। ड्राइवर ने स्पष्ट किया कि गाड़ी में मौजूदा विधायक बैठे हैं और यह वाहन पंजाब विधानसभा में रजिस्टर्ड है। इसके बावजूद एएसआई ने आईडी कार्ड दिखाने की जिद की। जब ड्राइवर अपने मोबाइल फोन में विधायक का आईडी कार्ड दिखाने लगा, तो आरोप है कि एएसआई ने वहां मौजूद एक कांस्टेबल से कहा कि इनका कार्ड अच्छी तरह चेक करो और अगर ये मौजूदा विधायक नहीं निकलते हैं, तो तुरंत इनका चालान काट दो।

एसएचओ ने मांगी माफी, लेकिन एसएसपी से हुई शिकायत

एएसआई के इस रवैये और बात करने के तरीके से विधायक डिंपी ढिल्लों भड़क गए। नाके पर हंगामा बढ़ता देख फेज-8 के एसएचओ सतनाम सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने एएसआई की तरफ से विधायक से माफी भी मांगी। हालांकि, विधायक शांत नहीं हुए और उन्होंने मौके से ही मोहाली के एसएसपी हरमंदीप सिंह हंस को फोन मिला दिया। विधायक ने फोन पर एएसआई द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की शिकायत की। उन्होंने कहा कि वह एक चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं और उन्हें 1 लाख 65 हजार लोगों ने वोट देकर अपना नुमाइंदा बनाया है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर एक विधायक के साथ सड़क पर ऐसा बर्ताव किया जा रहा है, तो आम जनता के साथ पुलिस क्या सुलूक करती होगी। इस सख्त शिकायत के बाद एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एएसआई लखबीर सिंह को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।

विधायक ने दी सफाई- ‘आत्मसम्मान से समझौता नहीं’

पुलिसकर्मी पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद विधायक हरदीप सिंह डिंपी ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर पूरे घटनाक्रम पर अपनी सफाई दी। उन्होंने अपने एक्शन को पूरी तरह सही ठहराते हुए कहा कि नाके पर खड़े एएसआई के पास पुलिस की ताकत थी, जबकि उनके पास एक विधायक होने की ताकत थी। उस पुलिसकर्मी ने अपनी पावर का गलत इस्तेमाल करते हुए बदसलूकी की, जिसके जवाब में मैंने अपनी पावर का इस्तेमाल किया। विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि आत्मसम्मान के खिलाफ कोई भी बात बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उन्होंने जो किया उसमें कुछ भी गलत नहीं है।

uproar-after-aap-mlas-car-stopped-enraged-dimpy-dhillon-gets-asi-suspended