जालंधर: आम आदमी पार्टी (AAP) से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामने वाले 7 राज्यसभा सांसदों के खिलाफ पंजाब में बवाल मच गया है। शनिवार दोपहर जालंधर में ‘आप’ के यूथ विंग के कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। नाराज कार्यकर्ताओं ने पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के घर के बाहर उग्र प्रदर्शन किया और उनके आवास पर ‘गद्दार’ लिख दिया। वहीं, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के मालिक व सांसद अशोक मित्तल के खिलाफ भी सड़क पर जमकर भड़ास निकाली गई।
LPU के बाहर फूंका पुतला, पोस्टरों पर छिड़की काली स्प्रे
जालंधर में प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के बाहर जोरदार हंगामा किया। आक्रोशित युवाओं ने सांसद अशोक मित्तल का पुतला फूंका और ‘पार्टी के गद्दार’, ‘पंजाब के गद्दार’ जैसे नारे लगाते हुए अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ, उन्होंने यूनिवर्सिटी के बाहर लगे मित्तल के बड़े-बड़े पोस्टरों पर भी काली स्प्रे छिड़क दी और उनके खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
सिर पर काली पट्टी बांधकर पहुंचे कार्यकर्ता, पुलिस से हुई झड़प
विरोध प्रदर्शन के इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान सभी आप कार्यकर्ता अपने सिर पर काली पट्टियां बांधकर हरभजन सिंह के आवास के बाहर पहुंचे थे। पुलिस की भारी मौजूदगी के बावजूद बेखौफ कार्यकर्ताओं ने हरभजन के घर के बाहर ‘गद्दार’ शब्द लिख डाला। इस दौरान जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो उग्र हुए कुछ कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हो गई।
इन बड़े चेहरों पर लगा है गद्दारी का आरोप
प्रदर्शन कर रहे यूथ विंग के कार्यकर्ताओं का सीधा आरोप है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जिन लोगों पर भरोसा जताकर उन्हें उच्च सदन भेजा था, उन्होंने पीठ में छुरा घोंपा है। कार्यकर्ताओं के निशाने पर मुख्य रूप से हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक सहित कुल 7 राज्यसभा सांसद हैं। उनका कहना है कि इन सभी सांसदों ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होकर पंजाब की जनता के जनादेश के साथ घोर गद्दारी की है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Upon joining the BJP, ‘Traitor’ was scrawled on Harbhajan Singh’s home; violent protests erupted outside








