होशियारपुर: होशियारपुर से कानून-व्यवस्था और खाकी पर सवाल खड़े करने वाली एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां के टांडा इलाके में पुलिस की मौजूदगी में ही उग्र हुए ग्रामीणों ने 3 यूट्यूबरों पर हमला कर दिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमलावरों का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उन्होंने यूट्यूबरों के महंगे मोबाइल फोन भी बीच सड़क पर पटक कर तोड़ दिए। पीड़ित यूट्यूबरों का आरोप है कि जब उन्होंने वहां मौजूद पुलिस चौकी इंचार्ज से खुद को बचाने की गुहार लगाई, तो पुलिस ने आरोपियों को रोकने के बजाय उल्टा पीड़ितों के साथ ही बदसलूकी शुरू कर दी।
ट्रांसफार्मर विरोध की कवरेज करने पहुंचे थे यूट्यूबर
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों यूट्यूबर गांव में बिजली का नया ट्रांसफार्मर लगाने के खिलाफ चल रहे स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन की वीडियो कवरेज करने पहुंचे थे। वे मौके से लाइव और रिकॉर्डिंग कर ही रहे थे कि अचानक गांव के कुछ युवकों ने उनके साथ बिना वजह गाली-गलौज शुरू कर दी। यूट्यूबरों ने जब इस अभद्र व्यवहार का विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने कानून हाथ में लेते हुए यूट्यूबरों पर लात-घूंसों से हमला बोल दिया।
यूट्यूबरों का गंभीर आरोप
पीड़ित यूट्यूबरों ने इस पूरी घटना को लेकर टांडा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में पुलिस पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। पीड़ितों का कहना है कि जब उन पर हमला हो रहा था, तब स्थानीय पुलिस चौकी के इंचार्ज अपनी टीम के साथ वहां मूकदर्शक बने खड़े थे।
पीड़ित यूट्यूबर के मुताबिक, हमने जब आरोपियों से खुद को बचाने के लिए चौकी इंचार्ज से मिन्नतें कीं, तो उन्होंने हमलावरों को पकड़ने के बजाय हमें ही पीछे धकेलना और धक्के मारना शुरू कर दिया। जब हमने उन्हें अपना परिचय पत्र (आईडी) दिखाया और पत्रकार होने की बात कही, तो वे और भड़क गए। चौकी इंचार्ज ने सरेआम बदसलूकी करते हुए कहा, तू चाहे कोई भी हो, मैं तुझे टिच (बिल्कुल) नहीं जानता। पुलिस के इसी ढुलमुल रवैये के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने हमारे फोन तोड़ दिए।
इस हाई-प्रोफाइल मामले की शिकायत मिलने के बाद टांडा पुलिस ने जांच का पहिया घुमा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके पर मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कानून को अपने हाथ में लेने वाले ग्रामीणों और अगर पुलिस कर्मियों की ओर से लापरवाही या बदसलूकी की बात सच साबित होती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Three YouTubers Brutally Beaten in the Presence of Punjab Police; Mobile Phones Smashed




