चंडीगढ़: चंडीगढ़ से इस वक्त की बेहद बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां पंजाब सचिवालय और राज्य के कई धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। सचिवालय के कंट्रोल रूम को एक खौफनाक धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें परिसर के भीतर बम होने का दावा किया गया था। इस इनपुट के मिलते ही पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर को घेरकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, धमकी में पंजाब सचिवालय के साथ-साथ कुछ प्रसिद्ध मंदिरों के नाम लिखें है। जिनमें दुर्ग्याणा मंदिर, मुक्तेश्वर मंदिर, देवी तालाब मंदिर, मैसर मंदिर और काकी देवी मंदिर जैसे धार्मिक स्थल शामिल बताए जा रहे हैं।

पूरे परिसर में चलाया गया सघन सर्च ऑपरेशन
धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलते ही सचिवालय परिसर को तुरंत खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने हाई-टेक उपकरणों की मदद से सचिवालय भवन के कोने-कोने, पार्किंग एरिया और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में एक व्यापक और सघन तलाशी अभियान चलाया। राहत की बात यह रही कि कई घंटों की कड़ी मशक्कत और प्रारंभिक जांच के बाद परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।
अभेद्य किले में तब्दील हुआ सचिवालय
इस गंभीर खतरे को देखते हुए पंजाब सचिवालय की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बढ़ा दिया गया है। सचिवालय के सभी एंट्री और एग्जिट गेटों पर अतिरिक्त पुलिस बल और कमांडो तैनात कर दिए गए हैं। अब परिसर में आने-जाने वाले हर शख्स की मेटल डिटेक्टर से गहन जांच की जा रही है और बिना पुख्ता पहचान पत्र के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा अधिकारी खुद पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
भेजने वाले का आईपी एड्रेस खंगाल रही पुलिस
इधर, इस खौफनाक ई-मेल को भेजने वाले शरारती तत्व या आतंकी मॉड्यूल का पता लगाने के लिए पुलिस और साइबर सेल की टीमें युद्धस्तर पर जुट गई हैं। ई-मेल के सोर्स और आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि यह मेल देश के भीतर से भेजा गया है या इसके तार सीमा पार से जुड़े हैं। दूसरी ओर, अधिकारियों ने आम जनता और कर्मचारियों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Threat to Bomb Punjab Secretariat: Panic Ensues Upon Receipt of Email








