You are currently viewing पंजाब में हैवानियत, जिस मां ने दिया जन्म, उसी ने अपनी 21 महीने की मासूम के पेट में घोंपा चाकू; खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली लाश

पंजाब में हैवानियत, जिस मां ने दिया जन्म, उसी ने अपनी 21 महीने की मासूम के पेट में घोंपा चाकू; खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली लाश

पटियाला: पटियाला जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ममता को शर्मसार करते हुए एक मां ने अपनी ही करीब डेढ़ साल (21 महीने) की मासूम बच्ची की चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान के आधार पर आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।

खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली मासूम बच्ची

पटियाला के गांव खेड़की में घटी इस खौफनाक वारदात के संबंध में राम नगर पुलिस पोस्ट इंचार्ज और जांच अधिकारी पवित्र सिंह ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्ची के पिता हरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि जब वह सुबह खेतों से वापस घर लौटा, तो उसने अपने पिता मान सिंह को आंगन में जोर-जोर से चिल्लाते हुए सुना। हरप्रीत जब घबराकर कमरे के अंदर गया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसकी 21 महीने की बेटी परनीत कौर खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थी। आनन-फानन में मासूम बच्ची को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

डिप्रेशन का इलाज करवा रही थी आरोपी पत्नी

हरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी साल 2023 में हरियाणा के कुरुक्षेत्र (थानेसर) के गांव बड़वा निवासी लवप्रीत कौर के साथ हुई थी। लवप्रीत पिछले कुछ समय से डिप्रेशन की समस्या से जूझ रही थी और उसका इलाज पटियाला से ही चल रहा था। हाल ही में उसके ससुराल वालों ने चंडीगढ़ पीजीआई से भी उसकी दवा ली थी। वारदात से एक रात पहले ही हरप्रीत का साला खुशप्रीत सिंह अपनी बहन और भांजी को उनके घर छोड़ने आया था और रात में उनके पास ही रुका था। अगली सुबह इस भयानक घटना ने दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पिता हरप्रीत सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी मां लवप्रीत कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मासूम बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

The very mother who gave her life plunged a knife into the abdomen of her innocent 21-month-old child