वैंकूवर: कनाडा में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके आपराधिक गिरोह का खौफ इस कदर हावी हो गया है कि अब वहां रहने वाले बेकसूर भारतीय नागरिकों के लिए अपना सरनेम लिखना भी भारी पड़ने लगा है। ब्रिटिश कोलंबिया की सरकारी वाहन बीमा एजेंसी (ICBC) ने भारतीय मूल के लोगों को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए गाड़ियों से ‘बिश्नोई’ सरनेम वाली कस्टमाइज्ड नंबर प्लेट बदलने या फौरन हटाने की सलाह दी है। सरकारी एजेंसी का मानना है कि इस नाम को देखकर आम लोग और विरोधी गैंग इसे लॉरेंस गिरोह से जोड़कर हमला कर सकते हैं।
ICBC का फरमान: सड़क पर हो सकता है हमला, फौरन बदलें प्लेट
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में गाड़ियों के इंश्योरेंस और लाइसेंस की निगरानी करने वाली सरकारी संस्था ICBC ने भारतीय नागरिक मंजू बिश्नोई को फोन कर अपनी नंबर प्लेट लौटाने को कहा है। एजेंसी के अधिकारी ने दो टूक शब्दों में चेताया कि भले ही उनका किसी गैंग या अपराध से दूर-दूर तक कोई लेना-देना न हो, लेकिन ‘बिश्नोई’ नाम की वजह से सड़क पर उन पर हिंसक हमला होने या हेट क्राइम का शिकार बनने की भारी आशंका है। एजेंसी ने उन्हें अपनी सुरक्षा के मद्देनजर सरनेम वाली प्लेट जमा कराकर सामान्य नंबर प्लेट लेने की नसीहत दी है।
पीड़ित मंजू का पलटवार: क्या अब पहचान छिपाना ही एकमात्र हल है?
सरकारी एजेंसी की इस सलाह पर पीड़ित मंजू बिश्नोई ने कड़ा ऐतराज जताते हुए सवाल खड़े किए हैं। मंजू का कहना है कि उन्होंने यह नंबर प्लेट साल 2023 में अपने पारिवारिक उपनाम (सरनेम) के तौर पर ली थी और तब तक सब कुछ सामान्य था। उन्होंने साफ कहा कि नागरिकों की हिफाजत करना सरकार और पुलिस का काम है, न कि आम लोगों को अपनी पहचान छिपाने के लिए मजबूर करना। मंजू ने दो टूक कहा कि आज सरकार सरनेम हटाने को कह रही है, कल नफरती तत्व देश छोड़ने की बात कहेंगे; इसलिए पहचान मिटाने के बजाय हमलावरों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अपने ही समुदाय के लोगों ने घेरा, की मारपीट
मंजू बिश्नोई ने अपने साथ हुई भयावह घटना का जिक्र करते हुए खुलासा किया कि उन्हें किसी विदेशी ने नहीं, बल्कि भारतीय-कनाडाई मूल के ही कुछ युवकों ने सड़क पर घेरकर निशाना बनाया। युवकों ने कार पर ‘बिश्नोई’ लिखा देखकर बहस शुरू की और बिना सोचे-समझे उन पर हमला कर दिया। दरअसल, कनाडा सरकार द्वारा लॉरेंस गैंग को आधिकारिक दस्तावेजों में ‘लॉरेंस बिश्नोई गैंग’ के तौर पर सूचीबद्ध किए जाने के बाद से यह नाम रखने वाले सामान्य नागरिक भी बेवजह शक और हिंसा के घेरे में आ रहे हैं।


The Lawrence gang strikes fear in Canada! Warning issued to remove ‘Bishnoi’ license plates from vehicles




