नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के छह राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद पंजाब की राजनीति का अखाड़ा अब दिल्ली शिफ्ट हो गया है। मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने 90 विधायकों को तीन वॉल्वो बसों में भरकर दिल्ली पहुंचे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अहम मुलाकात की। वहीं, सीएम मान से ठीक पहले बागी हुए सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने भी राष्ट्रपति से मिलकर पंजाब सरकार पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया। इस दौरान दोनों गुटों के बीच हुई तीखी बयानबाजी ने देश के सियासी पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
संविधान का मजाक, लागू हो ‘राइट टू रिकॉल’
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम भगवंत मान ने दल-बदल को लेकर अपना कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी का दो-तिहाई बहुमत दूसरी पार्टी में मर्ज हो सकता है, लेकिन सिर्फ एक सदन के 6-7 लोगों का ऐसा कहना मनमानी है और यह बिल्कुल नहीं चलेगी। सीएम मान ने इसे लोकतंत्र और संविधान का सीधा मजाक करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पंजाब विधानसभा में बीजेपी के सिर्फ 2 विधायक हैं, लेकिन अब उनके पास पंजाब से 6 राज्यसभा सांसद हो गए हैं। इस स्थिति को देखते हुए सीएम मान ने संविधान में संशोधन करके देश में ‘राइट टू रिकॉल’ कानून लागू करने की पुरजोर मांग की है।
राघव चड्ढा की खुली चेतावनी, ‘हमारे पास 21 राज्यों की पुलिस’
सीएम मान के पहुंचने से पहले ही राष्ट्रपति भवन पहुंचे बागी सांसदों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। सांसद राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी बदले की आग में जल रही है और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर उन्हें जानबूझकर टारगेट किया जा रहा है। चड्ढा ने तीखे तेवर दिखाते हुए चेतावनी दी कि आप एक बेहद ‘डेंजरस गेम’ (खतरनाक खेल) खेल रही है, जिसका अंत भी काफी खतरनाक होगा। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के पास सिर्फ एक राज्य की पुलिस है, जबकि हमारे (बीजेपी) पास 21 राज्यों की पुलिस है। मुझे टारगेट करने की पूरी तैयारी की जा रही है। वहीं, सांसद संदीप पाठक ने भी दो टूक कहा कि वह सिर पर कफन बांधकर निकले हैं और किसी एफआईआर से डरने वाले नहीं हैं।
CM मान का पलटवार- ‘कानूनी तरीके से सबकी बारी आएगी’
राघव चड्ढा द्वारा 21 राज्यों की पुलिस का जिक्र करने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी करारा पलटवार किया। मीडिया से मुखातिब होते हुए सीएम मान ने सवालिया लहजे में कहा कि क्या चड्ढा 21 राज्यों की पुलिस का नाम लेकर हमें सीधे तौर पर धमकी दे रहे हैं कि वे हमारे खिलाफ 21 पर्चे (FIR) दर्ज करवाएंगे? बागी नेताओं द्वारा खुद को टारगेट किए जाने के आरोपों पर जवाब देते हुए सीएम मान ने स्पष्ट कर दिया कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि बारी तो सबकी आएगी, लेकिन जो भी कार्रवाई होगी वह पूरी तरह से कानूनी तरीके से ही की जाएगी।

the-climax-of-punjabs-political-drama-in-delhi-raghav-chadha-threatens-with-police-from-21-states








