You are currently viewing पंजाब-चंडीगढ़ में खत्म हुआ बारिश का दौर, कल से झुलसाएगी भयंकर गर्मी; अगले 5 दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी

पंजाब-चंडीगढ़ में खत्म हुआ बारिश का दौर, कल से झुलसाएगी भयंकर गर्मी; अगले 5 दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी

चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और अब बारिश का दौर पूरी तरह से खत्म हो गया है। शनिवार (16 मई) को मौसम शुष्क रहने के आसार हैं और बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, अब लोगों को भीषण गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि 17 मई से अगले पांच दिनों तक पूरे इलाके में लू (हीट वेव) का प्रकोप रहेगा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

तापमान में मामूली गिरावट, लेकिन गर्मी से राहत नहीं

बेशक आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है, लेकिन शुक्रवार की तुलना में अधिकतम तापमान में हल्की राहत जरूर देखने को मिली है। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद अब यह सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे आ गया है। हालांकि, सबसे अधिक तापमान अभी भी 41 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है, जो लोगों को झुलसाने के लिए काफी है। इस बढ़ती गर्मी और आने वाली हीट वेव से खुद को कैसे सुरक्षित रखना है, इसे लेकर प्रशासन की तरफ से अप्रैल के अंत में ही एक विस्तृत एडवाइजरी जारी कर दी गई थी।

चक्रवाती सिस्टम पड़ा कमजोर, नहीं बरसेंगे बादल

मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अंडमान-निकोबार और दक्षिण बंगाल की खाड़ी की तरफ आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। दूसरी ओर, पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय अवस्था में है। वर्तमान में एक सिस्टम पाकिस्तान की तरफ और दूसरा जम्मू-उत्तर पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। इन प्रणालियों के कारण उत्तर भारत के मौसम में कुछ बदलाव जरूर देखने को मिल सकता है, लेकिन पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम अब पूरी तरह से कमजोर पड़ चुका है। ऐसे में फिलहाल पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और लोगों को तीखी धूप और गर्म हवाओं का ही सामना करना पड़ेगा।

Spell of Rain Ends in Punjab and Chandigarh; Scorching Heat to Return Tomorrow