जालंधर: जालंधर की शेर सिंह कॉलोनी में उस समय सन्सनी फैल गई, जब यहां के एक घर के बाथरूम से संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की गली-सड़ी लाश बरामद हुई। लाश को बहुत ही बेरहमी से एक तिरपाल में लपेटकर बाथरूम के अंदर छुपाया गया था। घर में से असहनीय बदबूह आने के बाद पड़ोसियों और मकान की देखभाल करने वाले ने पुलिस को सूचित किया। बस्ती बावा खेल पुलिस स्टेशन की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा और शव को अपने कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिनाइल से धोया घर पर नहीं हटी बदबू, ताला तोड़ते ही उड़े होश
घर की निचली मंजिल पर रहने वाले हरप्रीत ने बताया कि यह दो मंजिला मकान है, जिसके ऊपरी हिस्से में प्रवासी मजदूर किराए पर रहते थे। ऊपरी कमरा पिछले तीन दिनों से बाहर से बंद था। बीती रात घर में बहुत तेज बदबू आने लगी, जिसे दूर करने के लिए हरप्रीत ने पूरे घर को फिनाइल से भी धोया, लेकिन बदबू कम नहीं हुई।
लगातार बढ़ रही बदबू के कारण जब शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जब कमरा खोलकर बाथरूम चेक किया तो वहां तिरपाल में लिपटी हुई लाश मिली। लाश इस हद तक खराब हो चुकी थी कि मौके पर उसकी पहचान करना बिल्कुल असंभव हो गया।
3-4 दिनों से ताला लगाकर गायब है किराएदार परिवार
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी (ACP) आतिश भाटिया, लेदर कॉम्प्लेक्स और बस्ती बावा खेल के थाना प्रभारियों सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शेर सिंह कॉलोनी के एक घर में रहने वाला किराएदार परिवार पिछले 3-4 दिनों से कमरे को ताला लगाकर कहीं गायब है और अंदर से भारी बदबू आ रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस मकान का असली मालिक हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने मकान मालिक को फोन पर सारी घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस के मुताबिक, मकान मालिक के जालंधर पहुंचने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि उसने यह कमरा किराए पर किसको दिया था और वहां कौन-कौन रह रहा था।
सिविल अस्पताल में रखवाया शव, हत्या के एंगल से जांच कर रही पुलिस
शव की बेहद खराब हालत को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से सबूत इकट्ठा किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस द्वारा फिलहाल मकान की देखभाल करने वाले हरप्रीत के बयानों के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। शव को जिस तरह तिरपाल में लपेटकर छुपाया गया था, उससे पुलिस इसे सीधा कत्ल का मामला मानकर चल रही है और गायब किराएदारों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

Sensation in Jalandhar: Body wrapped in a tarpaulin recovered from the bathroom of a room locked for three days




