You are currently viewing पंजाब में 3 घंटों में 2 बड़े धमाकों से मची सनसनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; चप्पे-चप्पे पर भारी फोर्स तैनात

पंजाब में 3 घंटों में 2 बड़े धमाकों से मची सनसनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; चप्पे-चप्पे पर भारी फोर्स तैनात

चंडीगढ़: पंजाब एक बार फिर बड़ी आतंकी साजिश का शिकार होता नजर आ रहा है। राज्य में महज 3 घंटे के भीतर हुए दो खौफनाक बम धमाकों ने खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। मंगलवार देर रात को जालंधर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) मुख्यालय के बाहर और अमृतसर के खासा इलाके में स्थित आर्मी कैंप के पास एक के बाद एक जोरदार धमाके हुए। शुरुआती जांच में दोनों ही जगहों पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और ग्रेनेड के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। गनीमत यह रही कि इन दोनों ही हमलों में किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस घटना के बाद पूरे पंजाब और चंडीगढ़ में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जालंधर BSF मुख्यालय के बाहर IED ब्लास्ट, KLA ने ली जिम्मेदारी

जालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर हुए धमाके ने पुलिस प्रशासन को पूरी तरह सकते में डाल दिया है। धमाके का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है। इस बीच, आतंकी संगठन खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने एक पोस्ट शेयर कर इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली है। KLA ने अपनी खौफनाक पोस्ट में सीधे तौर पर पंजाब पुलिस के डीआईजी संदीप गोयल और उनके परिवार को टारगेट करने की धमकी देते हुए लिखा है कि ‘इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा।’ पंजाब के DGP गौरव यादव ने खुद दोनों शहरों का दौरा करने के बाद माना कि इसमें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों का हाथ हो सकता है और टाइमर या रिमोट के जरिए आईईडी ब्लास्ट किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की बरसी पर दहशत फैलाने के लिए यह साजिश रची गई है।

अमृतसर में आर्मी कैंप की दीवार पर जोरदार धमाका, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात

जालंधर की घटना के कुछ ही देर बाद अमृतसर के खासा इलाके में रात करीब 11 बजे के बाद आर्मी कैंप के बाहर भी एक तेज धमाका हुआ। आतंकियों ने कैंप के भीतर ग्रेनेड फेंकने की कोशिश की थी, लेकिन वह बाहरी दीवार से टकराकर फट गया, जिससे टीन की चादरों को काफी नुकसान पहुंचा। धमाके की आवाज इतनी भयानक थी कि इलाके के लोग भारी दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर देहाती के एसपी आदित्य वारियर के नेतृत्व में पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने रात में ही मौके पर पहुंचकर अहम सबूत जुटाए। फिलहाल पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

धमाकों पर भड़के CM भगवंत मान, कहा- चुनाव के लिए BJP करवा रही है ये सब

पंजाब में हुए इन सीरीयल धमाकों पर अब सियासत भी चरम पर पहुंच गई है। श्री आनंदपुर साहिब में शुक्राना यात्रा के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन घटनाओं के पीछे भारतीय जनता पार्टी (BJP) का हाथ होने का गंभीर आरोप लगाया है। सीएम मान ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा चुनाव वाले राज्यों में छोटे-मोटे ब्लास्ट और दंगे करवाकर लोगों को डराती है और वोट लेना चाहती है, यह उनकी चुनावी तैयारी का हिस्सा है। वहीं, मौजूदा सुरक्षा कारणों और बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपना जालंधर का दौरा भी टाल दिया है, जहां उन्हें शुक्राना कार्यक्रम में शामिल होना था।

Sensation Grips Punjab as Two Major Blasts Rock the State Within Three Hours