चंडीगढ़: भारत ने पाकिस्तान में घुसकर बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत हवाई हमलों में 9 आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों को ध्वस्त कर दिया है। विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस भारतीय सैन्य ऑपरेशन में तकरीबन 100 आतंकवादी मारे गए हैं। यह कार्रवाई हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई बताई जा रही है। इस ऑपरेशन के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है और युद्ध जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जिसके मद्देनज़र पंजाब और हरियाणा में सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी किया गया है।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पंजाब के सीमावर्ती पांच जिलों – अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, फाजिल्का और फिरोजपुर – में अगले आदेश तक सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज राज्य में अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान का आज जालंधर में होने वाला एक महत्वपूर्ण रक्षा कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है।
एहतियात के तौर पर अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को आज सुबह 10 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया था। ताजा जानकारी के अनुसार, यह अवधि बढ़ाई जा सकती है और अगली सूचना तक सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अमृतसर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि आज लगभग 22 उड़ानें रद्द की गई हैं। यात्रियों को हवाई अड्डे की ओर प्रस्थान करने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है। यात्रियों को उड़ानों के रद्द होने की सूचना संदेशों और कॉल के माध्यम से दी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की है।
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना ने मिलकर अंजाम दिया। यह कार्रवाई अत्यंत सटीकता से की गई, जिसमें सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ भारत की आत्मरक्षा के अधिकार के तहत किया गया है और किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस ऑपरेशन की निगरानी की। इस कार्रवाई के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
View this post on Instagram
Security tightened in Punjab amid tension with Pakistan, all political programs cancelled