फगवाड़ा: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए भारी हंगामे और छात्रा से जुड़े कथित मामले को लेकर राज्य महिला आयोग ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पंजाब महिला आयोग ने इस पूरे घटनाक्रम का स्वतः संज्ञान लेते हुए कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर (DC) और एसएसपी (SSP) से मामले में दर्ज एफआईआर की कॉपी, गठित की गई विशेष जांच टीम (SIT) का ब्योरा और अब तक की पूरी जांच रिपोर्ट तलब कर ली है। आयोग ने विश्वविद्यालय परिसर के भीतर छात्राओं और खासकर गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए गए पुख्ता इंतजामों पर भी विस्तृत जवाब मांगा है।
गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर आयोग ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
महिला आयोग ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगा। आयोग ने पुलिस और जिला प्रशासन से पूछा है कि घटना के वक्त गर्ल्स हॉस्टल के आसपास सुरक्षा के क्या प्रबंध थे और भविष्य में छात्राओं की हिफाजत सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आयोग ने पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने के निर्देश दिए हैं, ताकि पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके और किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही की जवाबदेही तय की जा सके।
CM मान के आदेश पर DGP ने संभाला मोर्चा
इधर, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्पष्ट कहा है कि माहौल खराब करने और इस प्रकरण में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव खुद मौके पर पहुंचे और पूरे कैंपस का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि गठित की गई एसआईटी हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और निष्पक्ष कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Punjab Women’s Commission takes major action regarding the LPU incident; seeks FIR and SIT reports from the DC and SSP




