You are currently viewing पंजाब में वाहन चालकों को पुलिस की चेतावनी, यदि ऐसा किया तो लग सकता है भारी भरकम जुर्माना

पंजाब में वाहन चालकों को पुलिस की चेतावनी, यदि ऐसा किया तो लग सकता है भारी भरकम जुर्माना

चंडीगढ़: गर्मियों में धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए चेहरा ढककर शहर की सड़कों पर निकलना अब महंगा पड़ सकता है। चंडीगढ़ पुलिस ने चेहरा ढककर वाहन चलाने या सड़क पर चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की है।

गर्मियों के मौसम में अक्सर महिलाएं और अन्य लोग तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए अपना चेहरा कपड़े से ढक लेते हैं। पुलिस का कहना है कि इस कारण उनकी पहचान छिप जाती है और असामाजिक तत्व भी इसी का फायदा उठाकर किसी अपराध को अंजाम दे सकते हैं। उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए ट्रैफिक पुलिस ने इस मामले पर गंभीरता दिखाई है।

ए.डी.सी.पी. ट्रैफिक अमनदीप कौर ने बताया कि उच्च न्यायालय के सख्त निर्देश हैं कि कोई भी व्यक्ति अपना चेहरा ढककर वाहन नहीं चलाएगा। यदि कोई व्यक्ति वाहन चलाते समय अपना चेहरा कपड़े से ढकता है तो उसका चालान काटा जाएगा। उन्होंने कहा, “आप अपना चेहरा ढककर अपनी पहचान नहीं छिपा सकते। कई बार लोग गर्मी का बहाना बनाते हैं, लेकिन सरकारी निर्देशों का पालन करना सबकी जिम्मेदारी है।”

पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि चेहरा ढककर वाहन चलाने या सड़क पर घूमने पर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भी सुरक्षा कारणों से किसी को भी चेहरा ढककर चलने की अनुमति नहीं दी जा सकती। पुलिस अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे सरकार के निर्देशों का पालन करें और वाहन चलाते या सड़क पर चलते समय अपना चेहरा न ढकें।

punjab-police-warns-drivers-if-they