You are currently viewing पंजाब: एक्सीडेंट समझ मौके पर पहुंची पुलिस के उड़े होश, बीच सड़क मिला 12वीं के छात्र का गोलियों से छलनी शव

पंजाब: एक्सीडेंट समझ मौके पर पहुंची पुलिस के उड़े होश, बीच सड़क मिला 12वीं के छात्र का गोलियों से छलनी शव

अमृतसर: अमृतसर के थाना मेहता चौक क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। महिसमपुरा रोड पर अज्ञात हमलावरों ने 12वीं कक्षा के एक छात्र की गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमरजोत सिंह के रूप में हुई है, जो अपने पिता सुखराज सिंह का इकलौता चिराग था। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और जवान बेटे को खोने के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सड़क हादसे की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

हैरानी की बात यह है कि पुलिस को शुरुआत में यह सूचना मिली थी कि सड़क पर एक एक्सीडेंट हुआ है। इसी सूचना के आधार पर जब थाना मेहता के एसएचओ अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर वह भी सन्न रह गए। मौके पर अमरजोत की मौत हो चुकी थी और जब पुलिस ने शव की बारीकी से जांच की, तो शरीर पर गोलियों के निशान मिले। इससे यह पूरी तरह साफ हो गया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या है।

हत्या के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस

अमरजोत की हत्या किसने और क्यों की, इसकी वजह अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस संगीन मामले पर एसएसपी (देहाती) सोहेल मीर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर एक एंगल से इस वारदात की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस की टीमें सुराग जुटाने में लगी हुई हैं। फिलहाल पुलिस मुख्य रूप से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्याकांड के पीछे आखिर क्या कारण थे और इस खूनी खेल में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Punjab: Police, Arriving at the Scene Believing It to Be an Accident, Are Left Stunned as They Discover