You are currently viewing पंजाब के एक्साइज इंस्पेक्टर की सिरसा में रहस्यमयी मौत, कार में मिली लाश, सीने से बंधी थी लोडेड पिस्टल

पंजाब के एक्साइज इंस्पेक्टर की सिरसा में रहस्यमयी मौत, कार में मिली लाश, सीने से बंधी थी लोडेड पिस्टल

डबवाली: मोगा में तैनात एक एक्साइज इंस्पेक्टर की हरियाणा के डबवाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंस्पेक्टर का शव एक कार से बरामद हुआ है और सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मृतक की छाती से एक लोडेड पिस्टल बंधी हुई मिली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उपमंडल नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। इस हाई-प्रोफाइल और रहस्यमयी घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

भारत माला रोड पर खड़ी कार में मिला शव

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात से ही गांव डबवाली-जोगेवाला के बीच भारत माला रोड पर एक स्विफ्ट डिजायर कार लावारिस हालत में खड़ी थी। कार का मुंह हनुमानगढ़ की तरफ था। शनिवार सुबह पुलिस को इसकी भनक लगी तो टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोला तो अंदर एक व्यक्ति का शव सीट बेल्ट लगाए हुए मिला। मृतक की पहचान पंजाब के लुधियाना स्थित गांव चीमा निवासी 45 वर्षीय कर्मजीत सिंह चीमा के रूप में हुई है, जो मोगा में एक्साइज इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। वीडियोग्राफी के साथ जब तलाशी ली गई, तो उनकी छाती से एक लोडेड पिस्टल बंधी हुई बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।

हार्ट अटैक का अंदेशा, पोस्टमार्टम से उठेगा पर्दा

पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक्साइज इंस्पेक्टर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। मंडी डबवाली एंबुलेंस सेवा ट्रस्ट की मदद से शव को अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक के दो बेटे हैं, जिनमें बड़े की उम्र 18 और छोटे की 16 वर्ष है। शहर थाना के कार्यकारी प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती तौर पर परिजन मौत का कारण हार्ट अटैक बता रहे हैं। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

डबवाली क्यों आया इंस्पेक्टर, पुलिस के सामने कई अनसुलझे सवाल

भले ही परिजन हार्ट अटैक का अंदेशा जता रहे हों, लेकिन इस घटना ने पुलिस के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि मोगा में ड्यूटी करने वाला एक्साइज इंस्पेक्टर डबवाली की तरफ क्यों आया था? इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया है कि कर्मजीत के पास खुद की थार जीप थी, लेकिन उनका शव किसी अन्य व्यक्ति की स्विफ्ट कार में मिला है। कार दूसरे की क्यों थी और अगर मौत हार्ट अटैक से हुई, तो छाती पर लोडेड पिस्टल क्यों बंधी थी? इन तमाम अनसुलझे सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस गंभीरता से जुट गई है।

Punjab Excise Inspector Dies Mysteriously in Sirsa; Body Found in Car with Loaded Pistol