चंडीगढ़: पंजाब में बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों और रैंकिंग सिस्टम को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब राज्य में बोर्ड परीक्षाओं में एक समान अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों की रैंकिंग उनकी जन्मतिथि (डेट ऑफ बर्थ) के आधार पर तय नहीं की जाएगी। नए नियमों के मुताबिक, अगर दो या दो से अधिक छात्रों के अंक बराबर हैं, तो उन सभी को मेरिट में एक समान रैंक और स्थान दिया जाएगा। सीएम मान ने यह फैसला बोर्ड कक्षाओं के टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान लिया।
अमृतसर की छात्रा के सवाल पर सीएम ने तुरंत बदला नियम
यह पूरा बदलाव प्रश्नोत्तर सत्र (क्वेश्चन-आंसर सेशन) के दौरान हुआ, जब अमृतसर की एक मेधावी छात्रा ने मौजूदा सिस्टम की विसंगति को मुख्यमंत्री के सामने उठाया। छात्रा ने बताया, “हमारे जिले में 8वीं कक्षा की परीक्षा में 3 लड़कियों ने बिल्कुल एक समान अंक हासिल किए थे। लेकिन शिक्षा विभाग के पुराने नियम के तहत, जन्मतिथि के आधार पर (उम्र में बड़े या छोटे होने के लिहाज से) उन्हें पहली, दूसरी और तीसरी रैंक दे दी गई। इस व्यवस्था के कारण सिर्फ पहली रैंक पाने वाली छात्रा को ही मुख्यमंत्री से सम्मानित होने का मौका मिला, जबकि बाकी दोनों बराबर हकदार होने के बावजूद वंचित रह गईं।”
“सबका दिमाग और मेहनत बराबर, तो रैंक अलग क्यों?”
छात्रा ने मुख्यमंत्री के सामने मजबूती से अपनी बात रखते हुए कहा कि सभी बच्चों के पास एक जैसा दिमाग होता है और सभी ने परीक्षा के लिए एक समान कड़ी मेहनत की होती है। ऐसे में सिर्फ जन्मतिथि को आधार बनाकर टॉपर्स को अलग-अलग श्रेणी में बांटना पूरी तरह गलत और नाइंसाफी है।
छात्रा की इस दलील ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने छात्रा की संवेदनशीलता और तर्क की सराहना करते हुए तुरंत मंच से ही इस पुरानी व्यवस्था को बदलने के निर्देश जारी कर दिए। सीएम मान ने स्पष्ट किया कि भविष्य में होने वाली सभी बोर्ड परीक्षाओं में समान अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को समान स्थान दिया जाएगा और उन सभी को बराबर तौर पर सम्मानित किया जाएगा।

Punjab changes ranking system for board exams, all students scoring the same marks will be declared




