न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से एक बेहद परेशान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग सिख टैक्सी ड्राइवर के साथ सरेआम बदसलूकी और हाथापाई की गई। सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी के दौरान एक अश्वेत युवक ने बुजुर्ग को इतनी जोर से धक्का दिया कि वे करीब 15 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई आक्रोश जता रहा है। हालांकि, यह घटना कब की है और पीड़ित सिख ड्राइवर की पहचान क्या है, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है।

टक्कर मारने के झूठे आरोप से शुरू हुआ पूरा विवाद
जानकारी के मुताबिक, इस पूरे हंगामे की शुरुआत तब हुई जब मौके पर मौजूद एक युवक ने बुजुर्ग सिख टैक्सी ड्राइवर पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी गाड़ी से उसकी दो महिला दोस्तों को टक्कर मारी है और अब वहां से भागने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, अपनी पगड़ी और चेक शर्ट पहने बुजुर्ग ड्राइवर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना था कि कोई दुर्घटना नहीं हुई है, बल्कि वे युवतियां खुद उनकी गाड़ी की तरफ आई थीं। बुजुर्ग लगातार सफाई देते रहे कि उनकी टैक्सी में सवारी बैठी हुई है और वह पूरी ईमानदारी से सिर्फ अपना काम कर रहे थे।

बहस के बीच अचानक किया हमला, सड़क पर गिरे बुजुर्ग
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मौके पर मौजूद दो युवक लगातार बुजुर्ग ड्राइवर का रास्ता रोक रहे हैं और उन्हें अपनी ही गाड़ी तक जाने नहीं दे रहे। जब बुजुर्ग ड्राइवर वहां से जाने का प्रयास करते हैं, तो बहस इतनी ज्यादा बढ़ जाती है कि बात हाथापाई तक पहुंच जाती है। वीडियो में दिख रहा है कि एक अश्वेत युवक अचानक आक्रामक हो जाता है और बुजुर्ग को बेहद जोर से धक्का दे देता है। धक्के के कारण बुजुर्ग सीधा सड़क पर जा गिरते हैं और उठते हुए पूछते हैं कि ‘तुमने मुझे धक्का क्यों मारा?’ इस दौरान वीडियो बनाने वाला युवक लगातार ड्राइवर को अपराधी साबित करने की कोशिश करता नजर आ रहा है।

पुलिस के आते ही भीगी बिल्ली बन गए हमलावर युवक
सड़क पर गिरने के बाद बुजुर्ग सिख ड्राइवर ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पुलिस को फोन मिलाया। कुछ ही देर में न्यूयॉर्क पुलिस (एनवाईपीडी स्कूल सेफ्टी ऑफिसर्स) मौके पर पहुंच गई। पुलिस की गाड़ी को देखते ही हाथापाई करने वाले युवकों के तेवर पूरी तरह से बदल गए। जो युवक कुछ देर पहले तक आक्रामक हो रहा था, वह पुलिस के सामने अचानक शांत हो गया और अधिकारियों से बड़ी नरमी से बात करने लगा। यहां तक कि बचाव के लिए वह युवाओं को सकारात्मक संदेश देने का दिखावा भी करने लगा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया और दोनों पक्षों की बात सुनकर झगड़ा शांत करवाया। फिलहाल इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस तरह की नस्लीय टिप्पणी और मारपीट पर सख्त ऐतराज जता रहे हैं।

Public Brutality Against Elderly Sikh in the US: Shoved on the Street and Thrown 15 Feet Away








