चंडीगढ़: खाने-पीने के शौकीन पंजाबियों के लिए एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। राज्य में बड़े स्तर पर दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट का काला खेल धड़ल्ले से चल रहा है। हाल ही में फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) द्वारा चलाए गए एक विशेष जांच अभियान में दूध के 33 फीसदी सैंपल फेल पाए गए हैं। इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और आम जनता की सेहत को लेकर एक बड़ी चिंता खड़ी हो गई है।
204 में से 68 सैंपल गुणवत्ता मानकों पर फेल, एक पाया गया असुरक्षित
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, एफडीए पंजाब ने 6 और 7 मई को राज्य भर में दूध के सैंपल लेने के लिए दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया था। इस सघन चेकिंग के दौरान कुल 204 सैंपल एकत्र किए गए थे। जब इनकी जांच की गई, तो 68 सैंपल गुणवत्ता के मानकों पर पूरी तरह से फेल साबित हुए, जबकि एक सैंपल को पीने के लिए पूरी तरह से असुरक्षित करार दिया गया है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चेतावनी दी है कि सूबे में मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी सैंपलों की मान्यता प्राप्त स्टेट फूड लैबोरेटरी से बारीकी से जांच करवाई जा रही है।
दूध के बाद अब पनीर पर कसा शिकंजा, लिए गए 211 सैंपल
दूध में भारी मिलावट का पर्दाफाश होने के बाद अब विभाग ने अन्य दुग्ध उत्पादों पर भी अपनी नजरें टेढ़ी कर ली हैं। एफडीए पंजाब की कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ की सीधी निगरानी में सोमवार और मंगलवार को एक और विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रदेश भर से पनीर के 211 सैंपल भरे गए हैं, जिन्हें टेस्टिंग के लिए लैब भेज दिया गया है। कमिश्नर बराड़ ने बताया कि फूड सेफ्टी अधिकारी (एफएसओ) सिर्फ सैंपल ही नहीं ले रहे हैं, बल्कि फूड बिजनेस ऑपरेटरों को साफ-सफाई रखने और उत्पादों का सही तरीके से भंडारण करने के प्रति भी लगातार जागरूक कर रहे हैं।
सेहत से भारी खिलवाड़: पनीर में धड़ल्ले से मिलाए जा रहे खतरनाक केमिकल
विभागीय जांच में यह हैरान करने वाली बात भी सामने आई है कि मुनाफाखोर चंद पैसों के लालच में लोगों की जान की परवाह किए बिना पनीर में खतरनाक केमिकल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। पनीर का वजन और चमक बढ़ाने के लालच में इसके अंदर बड़ी मात्रा में स्टार्च और सुक्रोज की मिलावट की जा रही है, जो इंसानी शरीर और सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक है। इस खुलासे के बाद विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और मिलावटखोरी का यह नेक्सस तोड़ने के लिए लगातार छापेमारी की तैयारी की जा रही है।

Poison Being Sold in the Name of Milk in Punjab! 33% of Samples Fail; Dangerous Chemicals Now Detected in Paneer




