You are currently viewing कनाडा में वीजा खत्म होने का डर खत्म, सरकार की इस नई छूट से पंजाबियों को बड़ी राहत; जानें बिना लौटे कैसे मिलेगी 90 दिन की मोहलत

कनाडा में वीजा खत्म होने का डर खत्म, सरकार की इस नई छूट से पंजाबियों को बड़ी राहत; जानें बिना लौटे कैसे मिलेगी 90 दिन की मोहलत

चंडीगढ़: कनाडा सरकार द्वारा लगातार लागू किए जा रहे सख्त इमिग्रेशन नियमों के कारण वहां जाने की चाह रखने वाले लोगों में जहां एक तरफ निराशा है, वहीं दूसरी ओर एक बड़ी राहत भरी खबर भी सामने आई है। वर्क परमिट और स्टडी वीजा पर कनाडा गए ऐसे छात्र या अस्थायी निवासी जिनका लीगल स्टेटस खत्म हो चुका है, उन्हें अब घबराकर तुरंत कनाडा छोड़ने की जरूरत नहीं है। कनाडा सरकार ने नियमों में ढील देते हुए ऐसे लोगों को विजिटर वीजा के लिए अप्लाई करने का शानदार मौका दिया है।

90 दिन का मिला ग्रेस पीरियड, ऐसे बदलें अपना स्टेटस

पहले के नियमों के अनुसार, कनाडा में रहने वाले लोगों को अपना लीगल स्टेटस (वैध निवास अवधि) खत्म होने से ठीक एक महीने पहले वीजा स्टेटस बदलने की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ती थी। लेकिन नए नियम के तहत अब प्रवासियों को बड़ी सहूलियत दी गई है। अब अगर किसी व्यक्ति का स्टेटस खत्म भी हो गया है, तो उसे 90 दिनों के भीतर अपना वीजा स्टेटस बदलने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इस अवधि के दौरान वे अपना स्टेटस एलएमआईए (LMIA), स्टडी वीजा या पीआर (PR) में बदल सकते हैं। इसके लिए आवेदकों को कनाडा इमिग्रेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा, जिसके बाद उनका लीगल स्टेटस बदल जाएगा और वे विजिटर के रूप में वहां रुक सकेंगे।

पंजाबियों और छात्रों के लिए संजीवनी बना यह नया नियम

कनाडा के इस नए नियम से विशेष रूप से पंजाब से स्टडी वीजा पर जाने वाले हजारों छात्रों को एक बहुत बड़ी राहत मिली है। गौरतलब है कि पंजाब के युवाओं के लिए कनाडा हमेशा से एक प्रमुख मंजिल रहा है, जहां हर साल करीब डेढ़ लाख छात्र उच्च शिक्षा के लिए जाते हैं। इसके अलावा हर साल 50 से 60 हजार पंजाबी विजिटर वीजा पर भी कनाडा का रुख करते हैं। इस नए नियम के लागू होने से उन युवाओं का तनाव खत्म हो गया है जिनका स्टेटस खत्म हो गया था। अब वे बिना देश छोड़े विजिटर वीजा के जरिए वहां रुक सकेंगे और 90 दिनों के भीतर उसे किसी अन्य वीजा में भी बदल सकेंगे।

विशेषज्ञों ने भी बताया राहत भरा कदम

इस बदलाव का स्वागत करते हुए एस्कॉस (ASCOS) के सचिव सुखविंदर नंद्रा ने बताया कि कनाडा सरकार का यह नियम पंजाबियों के लिए एक बहुत बड़ी राहत लेकर आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी का लीगल स्टेटस खत्म हो गया है और फिलहाल उनके पास नया वर्क परमिट हासिल करने का कोई रास्ता नहीं बचा है, तो उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे लोग बेझिझक विजिटर के रूप में आवेदन करके कनाडा में रुक सकते हैं और फिर शांति से अपने भविष्य के लिए अन्य विकल्पों की तलाश कर सकते हैं।  

No More Fear of Visa Expiry in Canada: Government’s New Concession Brings Major Relief to Punjabis