
जालंधर: शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में बीती रात हुए एक भयानक सड़क हादसे में पूर्व कांग्रेस सांसद मोहिंदर सिंह केपी के इकलौते बेटे, रिच्ची केपी (36), की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण टक्कर में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब रिच्ची अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से कहीं जा रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसा मॉडल टाउन के माता रानी चौक के पास देर रात करीब पौने 11 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिच्ची केपी की गर्दन का मनका टूट गया और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में शामिल एक क्रेटा कार घटना के बाद मौके से फरार हो गई, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
देखें हादसे का VIDEO-

हादसे के एक चश्मदीद, गुरविंदर सिंह, ने बताया कि एक तेज रफ्तार ग्रैंड विटारा गाड़ी ने पहले उन्हें टक्कर मारी और फिर उनकी अर्टिगा कार से जा भिड़ी, जिससे उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बीच, एक गली से निकली बेकाबू क्रेटा कार ने ग्रैंड विटारा और सामने से आ रही रिच्ची की फॉर्च्यूनर गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। गुरविंदर ने ही सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी।
रिश्तेदारों और दोस्तों का कहना है कि रिच्ची बेहद शांत स्वभाव के थे और कभी भी तेज गाड़ी नहीं चलाते थे। पेशे से वकील, रिच्ची देर रात तक घर से बाहर नहीं रहते थे। हादसे की खबर मिलते ही केपी परिवार में मातम छा गया और उनके घर पर संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।
मॉडल टाउन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके और फरार क्रेटा कार चालक को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
View this post on Instagram










