You are currently viewing जालंधर के चर्च में घुसा शातिर चोर रंगे हाथों गिरफ्तार, बैग की तलाशी में निकलीं चांदी की मूर्तियां; CCTV से खुला चोरी का बड़ा राज

जालंधर के चर्च में घुसा शातिर चोर रंगे हाथों गिरफ्तार, बैग की तलाशी में निकलीं चांदी की मूर्तियां; CCTV से खुला चोरी का बड़ा राज

जालंधर: जालंधर स्थित सूर्य एन्क्लेव इलाके में लोगों की सतर्कता से चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां चोरी की नीयत से एक चर्च में घुसे शातिर चोर को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी इससे पहले कि किसी बड़ी घटना को अंजाम देकर वहां से फरार होता, लोगों को उसकी भनक लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची रामामंडी थाना पुलिस ने आरोपी को तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।

बैग से निकलीं चांदी की मूर्तियां और ताला तोड़ने वाले औजार

जानकारी के मुताबिक, जब स्थानीय लोगों ने संदेह के आधार पर चोर को पकड़ा और उसके बैग की गहन तलाशी ली, तो उसमें से चांदी की दो कीमती मूर्तियां बरामद हुईं। इसके अलावा बैग में प्लास, पेंचकस और ताले तोड़ने वाले अन्य जरूरी टूल भी मिले, जिनका इस्तेमाल वह चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए करता था। लोगों को शक है कि वह ये चांदी की मूर्तियां किसी हिंदू मंदिर से चुराकर लाया था। जब लोगों ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना असली नाम तो नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा कि वह अवतार नगर का रहने वाला है और इस दुनिया में उसका कोई अपना नहीं है।

एक हफ्ते से कर रहा था रेकी, CCTV फुटेज से हुई पक्की पहचान

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि यह आरोपी पिछले करीब एक सप्ताह से इस इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था और घरों की रेकी कर रहा था। लोगों को उसकी गतिविधियों पर पहले से ही शक था। इलाके के कई घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी फुटेज कैद हो गई थी, जिससे लोगों ने उसे देखते ही आसानी से पहचान लिया। पकड़े जाने के बाद लोगों की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह पहले भी यहां से बिजली की तारें काटकर एक कबाड़ की दुकान पर बेच चुका है।

पुलिस के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा आरोपी

रामामंडी थाना पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद इस मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। जब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके अपने साथ थाने ले जाने लगी, तो वह अचानक हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। वह गिड़गिड़ाते हुए कहने लगा कि उसे एक आखिरी बार माफ कर दिया जाए और छोड़ दिया जाए। हालांकि, पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस गिरफ्तारी से इलाके में हुई चोरी की अन्य पुरानी वारदातों को भी ट्रेस करने में बड़ी मदद मिलेगी।

Cunning Thief Breaks into Jalandhar Church, Caught Red-Handed; Silver Idols Recovered from Bag During Search