You are currently viewing पंजाब में प्राइवेट अस्पताल की इमरजेंसी में जोरदार ब्लास्ट, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध; इलाके में दहशत का माहौल

पंजाब में प्राइवेट अस्पताल की इमरजेंसी में जोरदार ब्लास्ट, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध; इलाके में दहशत का माहौल

गुरदासपुर: पंजाब के सरहदी इलाके कलानौर के मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आज दोपहर बाद अचानक एक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि इसकी गूंज से पूरा इलाका दहल उठा। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर हुए इस रहस्यमयी ब्लास्ट के बाद आसपास के क्षेत्र में भारी दहशत का माहौल पैदा हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।

दूर-दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

घटनास्थल के आसपास मौजूद स्थानीय दुकानदारों और चश्मदीदों ने बताया कि दोपहर के वक्त अचानक अस्पताल के भीतर से एक बहुत ही भयानक आवाज सुनाई दी। यह धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिसके तुरंत बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद जब अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें एक संदिग्ध युवक की तस्वीरें सामने आई हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि इस धमाके के पीछे उस संदिग्ध का कोई हाथ हो सकता है।

डीएसपी और एसएचओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर

अस्पताल में ब्लास्ट की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया। डीएसपी (DSP) अमोलक सिंह काहलों और थाना मुख्य (SHO) जतिंदरपाल सिंह तुरंत अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इमरजेंसी वार्ड को अपने घेरे में ले लिया है और गहनता से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस अधिकारी हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं कि यह कोई तकनीकी ब्लास्ट था या फिर इसके पीछे किसी शरारती तत्व की कोई बड़ी साजिश थी। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्ध की पहचान की जा रही है।

Massive Blast Rocks Emergency Ward of Private Hospital in Punjab