चंडीगढ़: पंजाब में सियासी समीकरणों के बीच भाजपा को सनौर विधानसभा क्षेत्र में उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के कई दिग्गज नेताओं ने पार्टी का दामन थाम लिया। सनौर नगर कमेटी के अध्यक्ष, हलका संगठन प्रभारी और आप के एससी विंग के प्रदेश सचिव प्रदीप जोशन अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके साथ अकाली दल के मालवा जोन के वरिष्ठ नेताओं और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
हरियाणा के सीएम नायब सैनी की मौजूदगी में ली सदस्यता
प्रदीप जोशन और उनके साथियों ने पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विशेष उपस्थिति में भाजपा का झंडा थामा। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सभी नए सदस्यों को सिरोपा और पार्टी का चिन्ह पहनाकर परिवार में विधिवत स्वागत किया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सनौर हलके में जोशन का लंबा संगठनात्मक अनुभव भाजपा के जमीनी आधार को नई धार देगा।
अकाली दल के मालवा जोन अध्यक्ष स्वर्ण सिंह समेत कई दिग्गज आए साथ
इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के एससी विंग, मालवा जोन के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ रजत बटिश, नरोटम भटनागर, बरिंदर बटिश, रोहित वालिया, आशीष गौड़, मानव, संजीव कुमार, दिनेश शर्मा, डॉ. कमल वालिया, याह कुमार, विजय कुमार भारद्वाज और परमिंदर भारद्वाज प्रमुख रूप से शामिल हुए। इसके अलावा सनौर के प्रतिष्ठित ‘समाज कल्याण क्लब’ से जुड़े वरिंदर सिंह, हरमिंदर सिंह, जगदीप सिंह, गुरबीर सिंह, मनदीप सिंह, दविंदर सिंह, गुरवीर बट्टू और गुरविंदर सिंह जैसे कई सक्रिय समाजसेवियों ने भी भाजपा में विश्वास जताया।
पंजाब के विकास और विश्वास की जीत: केवल सिंह ढिल्लों
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में प्रमुख राजनीतिक चेहरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का पार्टी में आना यह साबित करता है कि पंजाब की जनता का भरोसा अब पूरी तरह भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा पंजाब की तरक्की, अमन-शांति और हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सनौर में हुए इस बड़े फेरबदल से हलके में पार्टी की संगठनात्मक पकड़ बेहद मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।


Major setback for AAP and Akali Dal: Municipal Committee President, Assembly constituency organization in-charge, and State Secretary join BJP




