You are currently viewing पंजाब के इस जिले में सुबह-सुबह दूध वालों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी रेड, मच गया हड़कंप; फलों को लेकर भी जारी हुई सख्त चेतावनी

पंजाब के इस जिले में सुबह-सुबह दूध वालों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी रेड, मच गया हड़कंप; फलों को लेकर भी जारी हुई सख्त चेतावनी

पठानकोट: पठानकोट में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों की अब खैर नहीं है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने दूध में मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ा और सख्त अभियान छेड़ दिया है। आज अल सुबह करीब 5 बजे जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) डॉ. पुनीत जवाल की अगुवाई में पठानकोट और इसके आसपास के इलाकों में दूध विक्रेताओं और डेयरी संचालकों के ठिकानों पर अचानक छापेमारी की गई। इस औचक कार्रवाई से पूरे इलाके के कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से दूध के कई सैंपल भरे हैं, जिन्हें टेस्टिंग के लिए तुरंत सरकारी लैब (खरड़) भेज दिया गया है।

रिपोर्ट में मिलावट मिली तो होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

छापेमारी के दौरान डीएचओ डॉ. पुनीत जवाल ने डेयरी संचालकों और मिठाई विक्रेताओं को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि वे चंद रुपयों के लालच में जनता की सेहत के साथ बिल्कुल खिलवाड़ न करें। उन्होंने कहा कि विभाग किसी भी सूरत में यह बर्दाश्त नहीं करेगा कि पठानकोट के निवासियों को मिलावटी चीजें परोसी जाएं। सभी विक्रेताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके उत्पाद सौ प्रतिशत शुद्ध और साफ-सुथरे हों। अधिकारी ने साफ किया कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी सैंपल में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित वेंडर के खिलाफ तुरंत और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फलों को पकाने के लिए ‘जहर’ के इस्तेमाल पर भी रोक

स्वास्थ्य विभाग का डंडा केवल दूध वालों पर ही नहीं, बल्कि फल विक्रेताओं पर भी चला है। डीएचओ ने फल विक्रेताओं को आड़े हाथों लेते हुए सख्त हिदायत दी कि फलों को समय से पहले पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद किया जाए। यह रसायन कैंसर जैसी भयानक और जानलेवा बीमारियों का कारण बन सकता है। इसके साथ ही स्वास्थ्य अधिकारी ने आम जनता को भी बेमौसमी फलों से दूरी बनाने और अपनी सेहत दुरुस्त रखने के लिए केवल सीजनल फल और सब्जियां खाने की विशेष सलाह दी है।

खाने-पीने की दुकानों पर ग्लव्स और मास्क हुए अनिवार्य

पठानकोट स्वास्थ्य विभाग ने शहर के सभी रेस्तरां, ढाबों और रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए साफ-सफाई के कड़े नियम लागू कर दिए हैं। अब ग्राहकों को खाना परोसते समय विक्रेताओं को ग्लव्स (दस्ताने) और मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, सिर पर टोपी, साफ एप्रन पहनना और खाना पकाने के लिए हमेशा ताजे तेल का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। पुराने तेल को बार-बार इस्तेमाल करने पर सख्ती से रोक लगाई गई है। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे जागरूक बनें और यदि कोई भी दुकानदार इन नियमों की अनदेखी करता या गंदगी फैलाता दिखता है, तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को इसकी शिकायत करें ताकि ऐसे लोगों पर कड़ा एक्शन लिया जा सके।

Major Early-Morning Raid by Health Department on Milk Vendors in This Punjab District Sparks Panic