तरनतारन: पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। तरनतारन जिले में पुलिस ने नशे के एक बड़े सौदागर को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 किलो 101 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह शातिर तस्कर इतनी भारी-भरकम खेप अपनी एक्टिवा स्कूटर पर लेकर डिलीवरी देने जा रहा था। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस इसे एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट पर करारी चोट मान रही है।
खुफिया इनपुट पर बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी
मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव के सख्त निर्देशों के बाद राज्य में ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए स्टाफ तरनतारन के इंचार्ज इंस्पेक्टर रूपिंदरपाल सिंह को एक पुख्ता तकनीकी और खुफिया जानकारी मिली थी। इस गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने तरनतारन के गग्गोबुहा इलाके में विशेष नाकेबंदी की। इसी दौरान आरोपी बहादुर सिंह अपनी एक्टिवा (नंबर PB46-AJ-8796) पर आता हुआ दिखाई दिया। डीएसपी सिटी की मौजूदगी में पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से 5 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद की गई।
पाकिस्तानी तस्करों से सीधा संपर्क, रिमांड में खुलेंगे कई बड़े राज
शुरुआती पूछताछ में इस मौत के व्यापार का एक बड़ा सच सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बहादुर सिंह (निवासी बिधि चंद छीना गांव) के तार सीधे तौर पर पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े हुए हैं। वह सीमा पार से हेरोइन की बड़ी खेप मंगवाता था और फिर उसे तरनतारन समेत पंजाब के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झबाल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि पाकिस्तान से जुड़े इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य गद्दारों का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके।

Major Breakthrough for Punjab Police: Smuggler Arrested While Transporting 5 kg of Heroin








