You are currently viewing पंजाब पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, पंजाब सचिवालय को उड़ाने की धमकी देने वाला पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

पंजाब पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, पंजाब सचिवालय को उड़ाने की धमकी देने वाला पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

चंडीगढ़: पंजाब सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल भेजने वाले आरोपी को चंडीगढ़ पुलिस ने पश्चिम बंगाल से धर दबोचा है। वीरवार रात हुई इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरी साजिश के पीछे के असली मकसद का पर्दाफाश किया जा सके।

आधिकारिक ईमेल पर भेजी थी धमकी, अलर्ट हुई थीं एजेंसियां

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस सनसनीखेज मामले में चंडीगढ़ के थाना सेक्टर-3 में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और ईमेल ट्रैकिंग की मदद से पुलिस ने आरोपी सौरव बिस्वास को गिरफ्तार किया। आरोपी पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के पल्ली बाजार (गोबिंद पल्ली) का रहने वाला है।

उसने पंजाब सिविल सचिवालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम धमाका करने की धमकी भेजी थी। इस धमकी भरे मेल के आते ही सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और तुरंत अलर्ट जारी कर जांच शुरू की गई थी।

रिमांड पर आरोपी, खंगाले जा रहे हैं डिजिटल सबूत

पकड़े गए आरोपी सौरव बिस्वास के खिलाफ बीएनएस (BNS) और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत से एक दिन का रिमांड मिलने के बाद पुलिस अब गहराई से यह पता लगाने में जुटी है कि इस धमकी के पीछे आखिर क्या वजह थी।

पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि क्या इस वारदात को सौरव ने अकेले ही अंजाम दिया था या फिर इसके पीछे कोई बड़ा संगठित नेटवर्क या अन्य सहयोगी शामिल हैं। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों को कब्जे में लेकर उस डिवाइस और इंटरनेट कनेक्शन का पता लगाया जा रहा है जिससे यह ईमेल भेजा गया था।

Major breakthrough for Punjab Police: Person who threatened to blow up the Punjab Secretariat