चंडीगढ़: पंजाब में नशा तस्करों और ड्रग माफियाओं के खिलाफ जारी नशे के विरुद्ध युद्ध मुहिम के तहत आज प्रशासन ने नजीर बनने वाली कार्रवाई की है। करोड़ों रुपये के इंटरनेशनल ड्रग रैकैट से जुड़े शिरोमणि अकाली दल के पूर्व सरपंच गुरदीप सिंह राणो के अवैध साम्राज्य को जमींदोज कर दिया गया है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन के बुलडोज़र ने राणो गांव स्थित गुरदीप सिंह की कई करोड़ की लागत से बनी आलीशान कोठी को पूरी तरह ढहा दिया। सरकार के इस कड़े एक्शन से पंजाब के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
मजीठिया और सुखबीर बादल से जुड़े थे तार
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस और प्रशासनिक अमले ने पूरी तैयारी के साथ राणो गांव में दबिश दी और वहां करीब 11 कनाल और 11 मरले भूमि पर बने इस आलीशान और लग्जरी बंगले को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया। बताया जा रहा है कि पूर्व सरपंच गुरदीप सिंह राणो के राजनीतिक गलियारों में बेहद ऊंचे रसूख थे। वह शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया समेत कई दिग्गज अकाली नेताओं का बेहद करीबी माना जाता था। राजनीतिक संरक्षण की आड़ में उसने नशे के काले कारोबार से अकूत संपत्ति खड़ी की थी।
सुरक्षा के लिए तैनात रही भारी पुलिस फोर्स
नशे के इस बड़े सिंडिकेट को चलाने वाले गुरदीप सिंह राणो के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में एक-दो नहीं, बल्कि कुल 10 संगीन एफआईआर (FIR) दर्ज हैं। उस पर पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने और करोड़ों रुपये की ड्रग तस्करी करने के गंभीर आरोप हैं। बुलडोज़र की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया था। मौके पर तैनात भारी पुलिस फोर्स की घेराबंदी के बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी कोठी को सील कर उसे नेस्तनाबूद कर दिया। पंजाब सरकार ने साफ संदेश दे दिया है कि नशे के कारोबार से बनाई गई हर अवैध संपत्ति का यही हश्र होगा।

Major Action by the Punjab Government Against Drug Traffickers: Bulldozer Deployed




