You are currently viewing पंजाब सरकार का बड़ा एक्शन, BJP में शामिल होने की अटकलों के बीच हरभजन सिंह से छीनी गई Z+ सिक्योरिटी

पंजाब सरकार का बड़ा एक्शन, BJP में शामिल होने की अटकलों के बीच हरभजन सिंह से छीनी गई Z+ सिक्योरिटी

जालंधर: पंजाब की सियासत में मचे उथल-पुथल के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की अटकलों के बीच पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह पर पंजाब सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। भगवंत मान सरकार ने हरभजन सिंह को दी गई जेड प्लस (Z+) सुरक्षा तत्काल प्रभाव से वापस ले ली है। हालांकि, हरभजन सिंह ने अभी तक आधिकारिक तौर पर आम आदमी पार्टी छोड़ने का कोई ऐलान नहीं किया है, लेकिन हाल ही में बीजेपी का दामन थामने वाले राघव चड्ढा ने दावा किया था कि ‘भज्जी’ उनके साथ हैं।

पार्टी हाईकमान से तोड़ा संपर्क, तो छिन गई सुरक्षा

सूत्रों के मुताबिक, पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उपजे इस सियासी संकट के बीच आम आदमी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार हरभजन सिंह से संपर्क साधने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, पूर्व क्रिकेटर की तरफ से हाईकमान को कोई जवाब नहीं दिया गया और न ही उन्होंने कोई बातचीत की। पार्टी नेतृत्व से पूरी तरह दूरी बनाने और कोई स्पष्टीकरण न देने के बाद ही पंजाब सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए रविवार को पंजाब पुलिस की उनकी सुरक्षा हटाने का फैसला किया।

राघव चड्ढा के दावे ने बढ़ाईं धड़कनें, 7 सांसदों के छिटकने का डर

आपको बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। बीते 24 अप्रैल 2026 को पंजाब से आप के तीन राज्यसभा सांसद- राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने एकसाथ बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके बाद राघव चड्ढा ने बड़ा दावा करते हुए कहा था कि उनके साथ आम आदमी पार्टी के कुल 7 सांसद हैं। इन बगावती सांसदों में जालंधर के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह का नाम भी प्रमुखता से शामिल बताया गया था। गौरतलब है कि भज्जी को मार्च 2022 में आम आदमी पार्टी ने ही पंजाब से राज्यसभा भेजा था।

जालंधर आवास के बाहर भारी हंगामा, कार्यकर्ताओं ने लिखा ‘गद्दार’

आम आदमी पार्टी छोड़ने और बीजेपी के साथ जाने की खबरों के तूल पकड़ते ही पंजाब में हरभजन सिंह का भारी विरोध भी शुरू हो गया है। शनिवार को जालंधर स्थित उनके आवास के बाहर आप कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्से में आए कार्यकर्ताओं ने उनके घर की दीवारों पर ‘गद्दार’ तक लिख दिया। हरभजन सिंह की चुप्पी और राघव चड्ढा के दावों ने पंजाब की राजनीति में भारी उबाल ला दिया है। अब जेड प्लस सिक्योरिटी छिनने के बाद यह सियासी विवाद और भी ज्यादा गहराने के आसार हैं।

Major Action by Punjab Government: Harbhajan Singh Stripped of Z+ Security