जालंधर: जालंधर के बस्ती इलाके स्थित घास मंडी चौक के पास बने दशहरा ग्राउंड से कानून व्यवस्था और नशे के खुलेआम इस्तेमाल की पोल खोलने वाला मामला सामने आया है। सार्वजनिक दशहरा ग्राउंड में खुलेआम नशा कर रहे कुछ युवकों को स्थानीय निवासियों और दशहरा ग्राउंड प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने नशेड़ियों की मौके पर ही जमकर धुनाई कर दी और सख्त चेतावनी देकर भगा दिया। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
रंगे हाथों दबोचकर की जमकर पिटाई, दुम दबाकर भागे नशेड़ी
जानकारी के अनुसार, घास मंडी चौक के निकट दशहरा मैदान में कुछ युवक बेखौफ होकर नशा कर रहे थे। संदिग्ध गतिविधियां देख स्थानीय लोगों और ग्राउंड प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने पहले उनका वीडियो बनाया और फिर चारों तरफ से घेरकर उन्हें पकड़ लिया। मैदान को नशे का अड्डा बनते देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने नशा कर रहे युवकों की जमकर पिटाई कर दी। कमेटी के सदस्यों ने उन्हें दोबारा इस मैदान में कदम न रखने की कड़ी हिदायत दी, जिसके बाद आरोपी युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग खड़े हुए। बाद में यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड होते ही पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया।

पहले भी ओवरडोज से जा चुकी है एक युवक की जान
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले मैदान में नशे का यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ ही समय पूर्व इसी दशहरा ग्राउंड में नशे की अत्यधिक खुराक (ओवरडोज) लेने से एक युवक की तड़प-तड़पकर मौत हो चुकी है। उस बड़ी त्रासदी के बावजूद प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया और मैदान में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बदस्तूर जारी रही। खुलेआम नशाखोरी चलने से आसपास के रिहायशी इलाके का माहौल बेहद दूषित और असुरक्षित हो गया है।
पुलिस गश्त न होने से फूटा गुस्सा, सख्त कार्रवाई की उठी मांग
धार्मिक आयोजनों के लिए पहचाने जाने वाले दशहरा ग्राउंड में लगातार हो रही नशेबाजी से स्थानीय बाशिंदों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का सीधा आरोप है कि इलाके में पुलिस की नियमित गश्त न होने के कारण नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं, जो खुले मैदानों को अपना सुरक्षित ठिकाना बना रहे हैं। निवासियों और कमेटी सदस्यों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि इलाके में दिन-रात पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने व बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।


Locals apprehended youths openly consuming drugs at Jalandhar’s Dussehra Ground and chased them




