पठानकोट: पठानकोट के सुजानपुर-जुगियाल रोड स्थित अपरबारी दोआब कैनाल (UBDC नहर) में शनिवार को पानी के भीतर एक संदिग्ध मिसाइलनुमा वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। सीमावर्ती जिला होने के कारण संदिग्ध वस्तु की खबर मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन तुरंत हाई अलर्ट पर आ गए। सूचना के बाद पंजाब पुलिस और भारतीय सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।
फैक्ट्री से लौट रहे युवक ने पानी में देखा बम शैल
घटना की शुरुआत तब हुई जब सुजानपुर के शाहपुर गेट निवासी मोहन लाल फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में जब वह हाथ-मुंह धोने के लिए नहर के किनारे रुके, तो पानी के अंदर उनकी नजर एक लोहे की संदिग्ध वस्तु पर पड़ी, जो हूबहू मिसाइल या तोप के गोले जैसी दिख रही थी। संदिग्ध चीज को देखकर वह सहम गए और उन्होंने तुरंत वहां मछलियों को चारा डालने आए अन्य लोगों को सतर्क किया। इसके बाद बिना देर किए 112 हेल्पलाइन पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया।
पुलिस ने इलाका किया सील, आर्मी को दी गई सूचना
कॉल मिलते ही एएसआई जसपाल सिंह के नेतृत्व में थाना सुजानपुर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियात बरतते हुए संदिग्ध वस्तु को हाथ नहीं लगाया और आम लोगों की आवाजाही रोकते हुए पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। एसएसपी पठानकोट मनप्रीत सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि नहर में मिला यह ऑब्जेक्ट एक पुराना बम शैल है। हाल के दिनों में पानी के तेज बहाव में यह पीछे से कहीं बहकर आया प्रतीत होता है, जो अब जलस्तर घटने पर दिखाई देने लगा।
जिंदा है बम शैल, सेना की 103 इंजीनियरिंग टीम करेगी डिस्पोज ऑफ
सैन्य सूत्रों के अनुसार, यह बम शैल पुराना होने के बावजूद पूरी तरह ‘लाइव’ (जिंदा) है, जिससे बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। प्रोटोकॉल के तहत पुलिस ने सेना को आधिकारिक पत्र भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सेना की 103 इंजीनियरिंग विंग को मौके पर बुलाया जा रहा है। विशेषज्ञ दस्ते की मौजूदगी में पहले इसे बेहद सुरक्षित तरीके से पानी से बाहर निकाला जाएगा और उसके बाद किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नियंत्रित ब्लास्ट (कंट्रोल ब्लास्ट) के जरिए इसे निष्क्रिय किया जाएगा।


Live bomb shell found in UBDC canal in Pathankot; people alarmed after spotting missile-like object




