जालंधर: जालंधर कैंट स्थित प्रकृति अस्पताल में डॉक्टरों की कथित लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। शादी के 9 साल के लंबे इंतजार के बाद घर में बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी, लेकिन डिलीवरी के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के चलते गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद भड़के परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर के बाहर जमकर हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अस्पताल को तुरंत सील करने की मांग उठाई।
बिना बताए गुपचुप एम्बुलेंस में डाला, दूसरे अस्पताल में खुला मौत का राज
परिजनों के अनुसार, वे महिला को शाम के समय सामान्य प्रसव (डिलीवरी) के लिए प्रकृति अस्पताल लेकर आए थे। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद मरीज को पूरी तरह स्वस्थ बताया था और सभी टेस्ट रिपोर्ट भी सामान्य बताई थीं। आरोप है कि डिलीवरी के दौरान हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने अपनी गलती छिपाने के लिए परिजनों को अंधेरे में रखा और गुपचुप तरीके से मरीज को एम्बुलेंस में डालकर दूसरे निजी अस्पताल (जोल अस्पताल) रेफर कर दिया। जब परिजन पीछा करते हुए वहां पहुंचे, तो वहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों की सांसें पहले ही थम चुकी थीं।
परिजनों का छलका दर्द: बोले- संवेदनहीन बना रहा स्टाफ, ₹35,000 वापस करने की कही बात
पीड़ित परिवार ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ पर बेहद संवेदनहीन व्यवहार का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने मौत को लेकर सवाल-जवाब किए, तो अस्पताल प्रशासन के चेहरे पर जरा सा भी पछतावा नहीं दिखा। उल्टे उन्होंने इलाज के नाम पर जमा कराए गए 35,000 रुपये लौटाने की बात कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की। इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये ने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों के गुस्से को और भड़का दिया।
पुलिस ने रिकॉर्ड कब्जे में लिया, अस्पताल सील होने तक अंतिम संस्कार न करने पर अड़े परिजन
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड और रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिए हैं तथा परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, गमगीन परिजनों का दो टूक कहना है कि जब तक दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होती और अस्पताल को सील नहीं किया जाता, तब तक वे शवों का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रशासन ने अब तक चुप्पी साध रखी है और कोई बयान जारी नहीं किया है।


Jalandhar: The joy of a newborn’s arrival—awaited after nine years of marriage—turned to tragedy as medical negligence




