फगवाड़ा: फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित रेप की अफवाह के बाद भड़की हिंसा और उपद्रव को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। किसी भी तरह के भड़काऊ वीडियो या अफवाहों से माहौल दोबारा न बिगड़े, इसके मद्देनजर यूनिवर्सिटी क्षेत्र में अगले आदेश तक इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह निलंबित कर दी गई हैं। वहीं, हालात की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी को आगामी 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और जारी मिड-टर्म परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।
18 घंटे बाद खुला हाईवे, यूनिवर्सिटी में 10 दिन की छुट्टी
रविवार सुबह करीब 6 बजे से छात्रों द्वारा जाम किया गया दिल्ली-अमृतसर नैशनल हाईवे करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार रात 12 बजे बहाल हो सका। इसके बाद दोनों ओर फंसे मुसाफिरों ने राहत की सांस ली। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आधिकारिक निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जो छात्र अपने घर लौटना चाहते हैं, वे अपने अभिभावकों को बुलाकर जा सकते हैं। वहीं, हॉस्टल में रुकने वाले छात्रों को बेवजह कमरों से बाहर न निकलने और केवल अति-आवश्यक काम पर ही बाहर आने की सख्त हिदायत दी गई है।
तोड़फोड़, आगजनी और लाठीचार्ज के बीच मॉल में लूटपाट
शनिवार-रविवार की दरमियानी रात शुरू हुआ यह उग्र उपद्रव रविवार देर रात तक जारी रहा। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कैंपस में भारी तोड़फोड़ की और पुलिस की गाड़ियां तक फूंक दीं। हंगामे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों द्वारा कैंपस के अंदर स्थित मॉल से सामान लूटने और अज्ञात लड़कों द्वारा गर्ल्स हॉस्टल में घुसने की कोशिश की सनसनीखेज खबरें भी सामने आईं। बेकाबू भीड़ को तितर-बितर करने और कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
DGP ने लिया जायजा, 5 छात्रों को शामिल कर बनी SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सख्त संज्ञान लिया और दोषियों पर कठोर कार्रवाई के आदेश दिए। सीएम के निर्देश पर पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने न्यूनतम बल का प्रयोग किया और संवाद के जरिए तनाव कम करने का प्रयास किया गया। छात्रों की मांग पर पुलिस ने रेप की धाराओं में औपचारिक एफआईआर दर्ज कर ली है। निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जिसमें छात्रों का भरोसा जीतने के लिए 5 विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है। डीआईजी नवीन सिंगला ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि हर पहलू की गहराई से जांच कर सच सामने लाया जाएगा।


Internet services suspended at LPU following a massive fire; university closed for 10 days and exams cancelled




