होशियारपुर: होशियारपुर जिले के टांडा इलाके से एक बेहद रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां खरला खुर्द में सुबह-सुबह एक 8 साल की मासूम बच्ची को आवारा कुत्तों के झुंड ने अपना निवाला बना लिया। कुत्तों ने बच्ची को इस कदर बेरहमी से नोंच-नोंचकर मारा कि देखने वालों की भी रूह कांप गई। खून से लथपथ बच्ची को बदहवास हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें टूट चुकी थीं। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर भारी रोष है।
स्कूल जाने से पहले खेतों की तरफ गई थी मासूम सलोनी
इस दर्दनाक हादसे का शिकार हुई बच्ची की पहचान सलोनी के रूप में हुई है। बच्ची के पिता प्यारे लाल ने बिलखते हुए बताया कि उसकी बेटी पास के ही सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। सुबह करीब 8:30 बजे सलोनी स्कूल जाने के लिए पूरी तरह तैयार थी। इसी बीच उसने वॉशरूम जाने की बात कही और घर के पास ही खेतों की तरफ चली गई। जब वह काफी देर तक लौट कर नहीं आई, तो सवा 9 बजे के करीब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खेतों में मक्की की ऊंची फसल के बीच उन्हें बच्ची की चीखें सुनाई दीं। वहां पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि 2-3 आवारा कुत्ते मासूम को बुरी तरह नोच रहे थे।
डॉक्टरों के भी उड़े होश, कूल्हे की हड्डी तक चबा गए कुत्ते
परिजनों ने किसी तरह कुत्तों को वहां से भगाया और लहूलुहान सलोनी को उठाकर तुरंत सिविल अस्पताल टांडा लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत (ब्रॉड डेड) घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने जो खुलासा किया वह दिल दहला देने वाला था। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के शरीर पर कुत्तों के काटने के 80 से भी ज्यादा गहरे निशान थे। कुत्तों ने बच्ची के कूल्हे को इस कदर खाया था कि हड्डियां तक बाहर आ गई थीं और सिर भी बुरी तरह से खुल चुका था। इसके अलावा गले पर भी नोचने के गहरे घाव मौजूद थे।
यूपी के बरेली का रहने वाला है परिवार, इलाके में पसरा मातम
यह पीड़ित परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है और पिछले 2 साल से टांडा में रहकर मजदूरी के जरिए अपना पेट पाल रहा था। परिवार में सिर्फ पति-पत्नी और उनकी 8 साल की बेटी सलोनी थी। बेटी की मौत से माता-पिता गहरे सदमे में हैं। बच्ची के पिता ने रोते हुए बताया कि सब कुछ इतनी अचानक हुआ कि उन्हें कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला और उनकी दुनिया उजड़ गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

In Punjab, an 8-year-old girl who went to the fields to relieve herself was mauled to death by stray dogs








