You are currently viewing 2017 में एक टेबल के आमने-सामने थे ‘जग्गी’ जोहल और SSP राजजीत, 9 साल बाद किस्मत का अजीब खेल; दोनों पहुंचे सलाखों के पीछे

2017 में एक टेबल के आमने-सामने थे ‘जग्गी’ जोहल और SSP राजजीत, 9 साल बाद किस्मत का अजीब खेल; दोनों पहुंचे सलाखों के पीछे

मोगा: साल 2017 में पंजाब के मोगा स्थित पुलिस जांच कक्ष की एक मेज के दोनों ओर दो चेहरे आमने-सामने थे। एक तरफ थे ब्रिटिश नागरिक, ब्लॉगर और सिख एक्टिविस्ट जगतार सिंह जोहल उर्फ ‘जग्गी’—जिन पर पंजाब में हिंदू नेताओं की सिलसिलेवार टारगेट किलिंग्स की फंडिंग का आरोप लगा था। वहीं दूसरी तरफ थे खाकी वर्दी के रौब और वरिष्ठ अधिकारियों के भरोसेमंद सिपहसालार मोगा के तत्कालीन एसएसपी राजजीत सिंह, जिन्होंने इस बड़े आतंकी नेटवर्क के खुलासे का सेहरा अपने सिर बांधा था। आज ठीक नौ साल बाद तकदीर ने ऐसा अजब मोड़ लिया है कि दोनों ही शख्स अलग-अलग मामलों में जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

जग्गी जोहल का लंबा कानूनी संघर्ष और कोर्ट से राहत
नवंबर 2017 में मोगा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए जग्गी जोहल पर आरोप था कि उन्होंने आरएसएस नेता ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) जगदीश गगनेजा, अमित शर्मा और रविंदर गोसाईं समेत 17 टारगेट किलिंग्स की साजिश को वित्तीय मदद दी थी। बाघापुराना थाने में यूएपीए, आर्म्स एक्ट और हत्या की धाराओं में दर्ज मामले में मार्च 2025 में मोगा की अदालत ने जोहल समेत छह आरोपियों को बरी कर दिया, क्योंकि अभियोजन पक्ष 56 गवाह पेश करने के बावजूद आरोप साबित नहीं कर सका था। वहीं, इसी महीने दिल्ली हाईकोर्ट ने यूएपीए के तहत लंबे समय तक जेल में रहने और आर्टिकल 21 के आधार पर जोहल को सात मामलों में जमानत दे दी है। हालांकि, अन्य मामलों के चलते वे फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।

शोहरत की बुलंदियों से अर्श से फर्श तक गिरे पूर्व SSP राजजीत सिंह
दूसरी तरफ, जोहल की गिरफ्तारी के बाद राजजीत सिंह का कद पंजाब पुलिस में तेजी से बढ़ा था। तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पुलिस टीम को सम्मानित किया था और राजजीत के नाम की सिफारिश दूसरे पुलिस मेडल के लिए भी की गई थी। लेकिन यह चमक ज्यादा दिन नहीं टिकी। कुछ ही महीनों बाद उनकी सीआईए टीम के इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह को एसटीएफ ने हेरोइन, हथियारों और बेहिसाब नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया। जांच की सुई सीधे एसएसपी राजजीत सिंह की तरफ घूमी और उन पर ड्रग तस्करों को संरक्षण देने और नशा तस्करों से सांठगांठ के गंभीर आरोप लगे।

बर्खास्तगी, फरारी और आखिरकार पटियाला से गिरफ्तारी
एसआईटी की सीलबंद रिपोर्ट में ड्रग्स नेक्सस से मिलीभगत के पुख्ता सबूत मिलने के बाद पंजाब सरकार ने अप्रैल 2023 में राजजीत सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। बर्खास्तगी के बाद से ही वे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे और भगोड़ा घोषित थे। आखिरकार, करीब तीन साल तक कानून की आंखों में धूल झोंकने के बाद इसी हफ्ते पंजाब पुलिस ने पूर्व एसएसपी राजजीत सिंह को पटियाला से दबोच लिया। कभी आरोपी को पूछताछ की मेज पर बैठाने वाले पुलिस अफसर आज खुद उसी कानून के शिकंजे में बंद हैं।

In 2017, ‘Jaggi’ Johal and SSP Rajjeet sat across from each other at a table; nine years later, in a strange twist of fate