नई दिल्ली: देशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही हर घर में बिजली की खपत तेजी से बढ़ी है। दूसरी तरफ, मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में जारी युद्ध और तनाव के कारण दुनियाभर में पेट्रोल, डीजल और फ्यूल का गंभीर संकट पैदा हो गया है। इस दोहरे संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन और ऊर्जा बचाने की विशेष अपील की है, जिसके बाद दिल्ली सरकार ने भी बिजली बचत को लेकर कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
गर्मियों में घरों के भीतर दिन-रात इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज चलने से आम आदमी का बजट बिगड़ जाता है, लेकिन कुछ बेहद छोटी और व्यावहारिक सावधानियों को अपनाकर आप अपने बिजली के बिल को सीधे आधा (50%) कर सकते हैं। आइए जानते हैं उन 10 आदतों के बारे में जो आपके घर को ठंडा रखने के साथ-साथ आपकी जेब का बोझ भी कम करेंगी।
1. दिन में नेचुरल लाइट का करें भरपूर इस्तेमाल
बिजली बचाने का सबसे पहला और आसान नियम है कि दिन के वक्त बेवजह लाइटें जलाने से बचें। सुबह और दोपहर के समय घर की खिड़कियों और दरवाजों को खोलें और भारी पर्दों को हटाएं। इससे घर में पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी (सनलाइट) आएगी और आपको कृत्रिम रोशनी की जरूरत नहीं पड़ेगी।
2. पारंपरिक लाइटों को कहें बाय, लगाएं स्मार्ट एलईडी बल्ब
अगर आपके घर में अब भी पुराने बल्ब या ट्यूबलाइट हैं, तो उन्हें तुरंत हटाकर कम वॉट वाले एलईडी (LED) बल्ब लगाएं। एक साधारण 5 से 7 वॉट का एलईडी बल्ब 12-15 फीट के कमरे के लिए पर्याप्त रोशनी देता है और पारंपरिक बल्बों के मुकाबले कई गुना कम बिजली खाता है। बाजार में अब मोशन सेंसर और स्मार्ट एलईडी बल्ब भी उपलब्ध हैं, जो कमरे में किसी के न होने पर अपने आप बंद हो जाते हैं।
3. एसी (AC) को हमेशा 24 या 25 डिग्री पर ही चलाएं
गर्मियों में बिजली का बिल बढ़ने का सबसे बड़ा कारण एयर कंडीशनर (AC) होता है। भयंकर गर्मी होने पर भी एसी का आदर्श तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस ही रखना चाहिए। इससे कम तापमान करने पर कंप्रेसर पर लोड बढ़ता है और बिजली की खपत दोगुनी हो जाती है। साथ ही तापमान को बार-बार घटाने या बढ़ाने की गलती न करें।
4. एसी में ‘ऑटो मोड’ का करें इस्तेमाल
एसी चलाते समय रिमोट के सेटिंग्स पर खास ध्यान दें। अत्यधिक उमस या गर्मी में कूल या ड्राई मोड के बजाय अगर आप एसी को ‘ऑटो मोड’ पर चलाएंगे, तो कमरा ठंडा होने के बाद उसका कंप्रेसर अपने आप ट्रिप हो जाएगा। इससे सीधे तौर पर बिजली यूनिट्स की बड़ी बचत होती है।
5. फ्रिज की समय पर सफाई और नॉर्मल मोड है जरूरी
गर्मियों में फ्रिज का इस्तेमाल बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। फ्रिज को कभी भी सीधे समर या आइस मोड पर लगातार न चलाएं, इससे फ्रीजर में अत्यधिक बर्फ जम जाती है जो कूलिंग को रोकती है और मोटर पर दबाव बनाती है। फ्रिज को हमेशा नॉर्मल मोड पर रखें, उसकी नियमित सफाई करें और बार-बार फ्रिज का दरवाजा खोलने से बचें।
6. इस्तेमाल न होने वाले डिवाइसेज को प्लग से हटाएँ
हम अक्सर टीवी, सेटअप बॉक्स, चार्जर या कंप्यूटर का रिमोट से तो ऑफ कर देते हैं, लेकिन मेन स्विच ऑन छोड़ देते हैं। इसे ‘स्टैंडबाय पावर’ कहते हैं, जो लगातार बिजली खींचती रहती है। इसलिए जब भी किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल न हो रहा हो, तो उसका प्लग सॉकेट से बाहर निकाल दें या स्विच ऑफ कर दें।
7. गर्मियों में गीजर को रखें पूरी तरह बंद
गर्मी के दिनों में गीजर की कोई आवश्यकता नहीं होती, लेकिन फिर भी कई घरों में इसका स्विच ऑन रहता है। अगर आपको गर्मियों में कभी गुनगुने पानी की जरूरत हो भी, तो गीजर के बजाय इलेक्ट्रॉनिक कैटल (केतली) का इस्तेमाल करें, क्योंकि गीजर बेहद भारी मात्रा में बिजली की खपत करता है।
8. नए जमाने के बीएलडीसी (BLDC) पंखों को अपनाएं
कमरे में चौबीसों घंटे चलने वाला पुराना सीलिंग फैन भी चुपके से आपका बिल बढ़ा देता है। पुराने पंखों को बदलकर नई टेक्नोलॉजी वाले बीएलडीसी (BLDC) फैंस लगवाएं। ये पंखे पारंपरिक पंखों के मुकाबले लगभग 60 प्रतिशत तक कम बिजली खर्च करते हैं और इन्वर्टर पर भी लंबा बैकअप देते हैं।
9. वॉशिंग मशीन का रोजाना इस्तेमाल बंद करें
सिर्फ दो-चार कपड़ों के लिए रोजाना वॉशिंग मशीन चलाना बिजली और पानी दोनों की बर्बादी है। कपड़ों को रोज धोने के बजाय हफ्ते में एक या दो दिन इकट्ठा करें और तब ही वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल करें। इससे मशीन के कम राउंड चलेंगे और बिजली की बड़ी बचत होगी।
10. पुरानी मशीनों को करें अपग्रेड (5-स्टार रेटिंग डिवाइसेज)
10-15 साल पुराने फ्रिज, कूलर, एसी या टीवी बहुत ज्यादा बिजली खींचते हैं क्योंकि उनकी मोटर और तकनीक पुरानी हो चुकी होती है। अपने घरेलू उपकरणों को समय के साथ अपग्रेड करें। हमेशा 5-स्टार एनर्जी रेटिंग वाले अप्लाइसेज ही खरीदें, जो खास तौर पर बिजली बचाने के लिए ही डिजाइन किए जाते हैं।





