मोहाली: मोहाली के फेज-11 स्थित एक निजी कंपनी के दफ्तर के अंदर एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने अपनी ही पूर्व प्रेमिका और दफ्तर की सह-कर्मी के गले पर चाकू से 10 से ज्यादा वार करके उसका बेरहमी से कत्ल कर दिया। लड़की को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने खुद भी खुदकुशी करने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहा।
दोनों को लहूलुहान हालत में तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस खूनी खेल की सारी वारदात दफ्तर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
⚠️ VISUAL WARNING:
ऑफिस के अंदर मर्डर, लड़की पर 10 से ज्यादा वार- अपना भी गला काटा
मोहाली: प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली लड़की की उसके ऑफिस में हत्या कर दी गई. आरोपी युवती का जानने वाला था, वही भी उसी कंपनी में काम करता था.
सीसीटीवी में दिख रहा है, आरोपी ने ऑफिस के अंदर… pic.twitter.com/YMAexKaPJA
— 𝐕𝐢𝐤𝐚𝐬 𝐊𝐮𝐦𝐚𝐫 (@Vikas0207) June 5, 2026
पटियाला की रहने वाली थी मृतक
पुलिस के मुताबिक, मृत लड़की की पहचान डिंपल के रूप में हुई है, जो कि पटियाला की रहने वाली थी। वहीं, आरोपी की पहचान हरविंदर मान उर्फ हैरी के रूप में की गई है। ये दोनों मोहाली की एक पैकर्स एंड मूवर्स (Packers and Movers) निजी कंपनी में पिछले करीब तीन साल से एक साथ काम कर रहे थे।
इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। लेकिन कुछ समय पहले दोनों के बीच अनबन हो गई और उनका ब्रेकअप हो गया था।
ब्रेकअप के बाद परेशान था आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक, ब्रेकअप के बाद आरोपी हरविंदर मान पूरी तरह से टूट चुका था और परेशान रहने लगा था। उसने डिंपल के साथ अपने रिश्ते को दोबारा सुधारने की कई बार कोशिश की, लेकिन डिंपल इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी रंजिश के तहत गुरुवार देर शाम आरोपी कंपनी के दफ्तर पहुंचा।
वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आए हरविंदर ने चाकू निकालकर डिंपल के गले पर एक के बाद एक कई वार कर दिए।
मौके पर पहुंची फेज-11 की पुलिस, आज होगा शव का पोस्टमार्टम
दफ्तर के अंदर चीख-पुकार सुनकर जब तक बाकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी ने खुद की जान लेने की भी कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही फेज-11 पुलिस स्टेशन की फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका डिंपल के शव का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा, जिसके बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया जाएगा। पुलिस अस्पताल में उपचाराधीन आरोपी पर भी नजर रख रही है।

Horrifying incident in Punjab: Young woman stabbed to death in a frenzied attack inside an office




