चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में खौफ का पर्याय बन चुके पंजाब के एक ‘साइको किलर’ को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। तरनतारन के रहने वाले 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह ने महज 26 घंटे के भीतर चलती ट्रेन और अस्पताल में तीन बेगुनाहों की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस जब उसे क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के लिए ले गई, तो उसने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इस सीरियल किलर का अंत हो गया।
क्राइम सीन पर पुलिस की पिस्टल छीनकर की फायरिंग
चंदौली के एसपी आकाश पटेल ने इस पूरे एनकाउंटर की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम आरोपी गुरप्रीत को लेकर वारदात वाली जगह पर क्राइम सीन रीक्रिएट कराने पहुंची थी। इसी दौरान इस शातिर हत्यारे ने अचानक एक पुलिस अफसर की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए वहां से भागने की कोशिश करने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के सिर और सीने में गोलियां लगीं। लहूलुहान हालत में उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
26 घंटे में 3 हत्याएं, हर बार सीधे कनपटी पर मारी गोली
इस साइको किलर ने चंदौली में जिस खौफनाक तरीके से वारदातों को अंजाम दिया, उसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया था। उसने बिना किसी रंजिश या वजह के सिर्फ 26 घंटे के भीतर तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। हैरान करने वाली बात यह थी कि तीनों हत्याओं का पैटर्न बिल्कुल एक जैसा था। आरोपी ने हर बार अपने शिकार की सीधे कनपटी पर सटाकर गोली मारी थी। उसने पहली हत्या रविवार सुबह करीब 7 बजे एक पैसेंजर ट्रेन में एक युवक की जान लेकर की। इसके बाद रविवार रात 2 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन के बाथरूम में गए एक युवक को गोली मार दी। उसकी हैवानियत यहीं नहीं रुकी, सोमवार सुबह साढ़े 8 बजे उसने एक निजी अस्पताल में घुसकर बेड पर लेटी महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर उसकी भी जान ले ली।
‘शराब पीने के बाद होश नहीं रहता…’, कातिल का रूह कंपाने वाला कबूलनामा
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद जब इस कातिल से इन ताबड़तोड़ हत्याओं की वजह पूछी गई थी, तो उसने बेहद खौफनाक जवाब दिया था। पूछताछ में आरोपी गुरप्रीत ने बेखौफ अंदाज में कहा था, ‘मैं अपने मन का राजा हूं। शराब पीने के बाद मैं होश में नहीं रहता। मैं बस घूमता हूं और जो मेरे मन में आता है, वही करता हूं।’ उसने बड़ी बेबाकी से खुद यह बात कबूल की थी कि वह एक नहीं, बल्कि दो-तीन लोगों को मारकर आया है। इसके बाद से ही पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में लगी थी, लेकिन क्राइम सीन पर पुलिस पर फायर झोंकने की उसकी गलती आखिर में उसकी मौत का कारण बन गई।

Horrific End for Punjab’s ‘Psycho Killer’—Who Committed 3 Murders in 26 Hours—in UP; Shot Dead in Encounter








