You are currently viewing पंजाब में PRTC बस का भीषण हादसा, मची चीख-पुकार, 3 यात्रियों की मौत; 10 की हालत गंभीर

पंजाब में PRTC बस का भीषण हादसा, मची चीख-पुकार, 3 यात्रियों की मौत; 10 की हालत गंभीर

संगरूर: पंजाब के संगरूर से चंडीगढ़ जा रही पीआरटीसी की एक बस बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर ओवरब्रिज के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई और सड़क किनारे खेतों में जा उतरी। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। राहगीरों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए संगरूर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

संगरूर से चंडीगढ़ जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, पीआरटीसी की बस बुधवार सुबह संगरूर से यात्रियों को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में ओवरब्रिज के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस पहले पुल से टकराई और फिर सड़क किनारे खेतों में उतर गई।

हादसे में घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 10 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार संगरूर के सिविल अस्पताल में जारी है।

तेज रफ्तार को हादसे की वजह मान रही पुलिस
पुलिस अधिकारी मेहर सिंह ने बताया कि हादसे का शिकार हुई बस पीआरटीसी की थी और उसमें काफी संख्या में यात्री सवार थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के समय मौसम साफ था और धुंध नहीं थी। शुरुआती जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Horrific accident involving a PRTC bus in Punjab