जालंधर: जालंधर के न्यू संत नगर, बस्ती पीर दाद में सिलसिला-ए-कादरिया नौशाहिया सुचैरिया के महान सूफी संत दरबार हजरत बाबा मिलखी शाह रहमतुल्लाह अलैह कादरी नौशाही सुचैरिया का 44वां सालाना उर्स मुबारक बेहद अकीदत, अदब और धार्मिक उत्साह के साथ आयोजित किया गया। यह रूहानी समागम वर्तमान सज्जादा नशीन साईं रमजान कादरी नौशाही सुचैरिया की सरपरस्ती और पावन हाजिरी में संपन्न हुआ।
मुबारक उर्स के दौरान दरगाह परिसर को बेहद खूबसूरती से सजाया गया था। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु (जायरीन) यहां पहुंचे और बाबा जी के दरबार में माथा टेककर मन्नतें मांगीं। उर्स की शुरुआत धार्मिक रस्मों के साथ हुई। 20 सितंबर की रात 8 बजे पारंपरिक मेहंदी की रस्म अदा की गई, जिसके बाद रूहानी कव्वाली का शानदार आयोजन किया गया।
पावन महफिल की रौनक बढ़ाने के लिए सूफी जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। नागपुर शरीफ स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजबाग से सैयद निशान अली बादशाह की दरगाह शरीफ के सज्जादा नशीन सैयद आसिफ अली नौशाही कादरी सुचैरिया विशेष रूप से पहुंचे।
इसके अलावा रहमत और करम की जीवंत मूरत कहे जाने वाले सुचैरिया पाक के जैन-सज्जादा नशीन शाहिद रब्बानी सरकार भी ऑनलाइन माध्यम से इस मुबारक महफिल में शामिल हुए और संगत को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
उर्स के अंतिम दिन 21 सितंबर की रात 8 बजे विशेष कव्वालियों का आयोजन किया गया। इसके बाद देश में अमन, चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ-ए-खैर की गई।
समागम के दौरान दरगाह कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य सेवादारों के साथ-साथ इलाके के निवासियों ने भी विशेष सहयोग दिया। धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुए इस उर्स में बड़ी संख्या में जायरीनों ने हिस्सा लेकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।


Hazrat Baba Milkhi Shah Ji’s 44th annual Urs Mubarak concluded with reverence in Jalandhar.




