You are currently viewing कनाडा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप की घोर बेअदबी, जूतों के बीच कार की डिक्की में रखा; भड़की संगत ने खोला मोर्चा

कनाडा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप की घोर बेअदबी, जूतों के बीच कार की डिक्की में रखा; भड़की संगत ने खोला मोर्चा

सरी: कनाडा के सरी शहर से सिख मर्यादा को तार-तार कर देने वाली बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने दुनियाभर की सिख संगत में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। यहां 132 स्ट्रीट स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप को मर्यादा के विपरीत जूते-चप्पलों के बीच कार की डिक्की में रखकर ले जाने का प्रयास किया गया। इस घोर बेअदबी की भनक लगते ही सिख संगत और निहंग सिंह मौके पर पहुंच गए और गुरुद्वारा प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जूते-चप्पलों के साथ डिक्की में रखा पावन स्वरूप, मर्यादा की उड़ीं धज्जियां
जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर को गुरुद्वारा सिंह सभा सरी से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का एक पावन स्वरूप टोरंटो भेजा जा रहा था। जब पावन स्वरूप को ले जाया जा रहा था, तब मर्यादा का रत्ती भर भी ख्याल नहीं रखा गया। मौके पर मौजूद सरबत ढिल्लों ने बताया कि प्रबंधकों द्वारा पावन स्वरूप को किसी सत्कार योग्य स्थान पर रखने के बजाय गाड़ी की डिक्की में बंद किया जा रहा था। जब संगत ने गाड़ी खुलवाकर जांच की, तो अंदर का नजारा देखकर सब सन्न रह गए। डिक्की में जूते-चप्पल और अन्य सामान बिखरा पड़ा था और उन्हीं के बीच बिना किसी मर्यादा के आसन लगाया गया था। इतना ही नहीं, न तो मौके पर पांच प्यारे मौजूद थे और न ही चंवर साहिब या चंदोआ साहिब की कोई व्यवस्था की गई थी।

भारत से कनाडा भेजे गए थे 225 पावन स्वरूप
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही भारत से 225 पावन स्वरूप गुरु सिंह सभा सरी के माध्यम से कनाडा लाए गए थे। इन पावन स्वरूपों को कनाडा के विभिन्न गुरुद्वारों में पूर्ण मर्यादा और सत्कार के साथ सुशोभित किया जाना था। लेकिन इस तरह सरेआम नियमों और परंपराओं को ताक पर रखकर कार की डिक्की में स्वरूप को ले जाने की कोशिश ने गुरुद्वारा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसजीपीसी से कड़ी कार्रवाई की मांग, 3 दिन से धरने पर बैठी संगत
इस अमानवीय और गैर-मर्यादित घटना के सामने आते ही सिख संगत का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित संगत ने सड़कों पर उतरकर गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पिछले 3 दिनों से 132 स्ट्रीट स्थित गुरुद्वारे के बाहर संगत का धरना लगातार जारी है। संगत ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पावन स्वरूप की घोर बेअदबी करने वाली गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Gross sacrilege of the holy *Swaroop* of Sri Guru Granth Sahib in Canada; kept in a car