नई दिल्ली: देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए राहत भरी बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार और भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने ‘टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वां संशोधन) विनियम, 2026’ जारी कर दिए हैं। नए नियमों के तहत अब टेलीकॉम कंपनियों को प्रीपेड ग्राहकों के लिए पूरे 30 दिन की वैधता (वैलिडिटी) वाले रिचार्ज प्लान पेश करने होंगे। इसके साथ ही इंटरनेट डेटा इस्तेमाल न करने वाले यूजर्स के लिए सिर्फ ‘कॉलिंग और एसएमएस’ वाले सस्ते प्लान्स का विकल्प देना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
28 दिन के खेल पर रोक: साल में बचेगा एक महीने का रिचार्ज
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बड़े बदलाव की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि टेलीकॉम कंपनियां अब तक 28 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान बेचती थीं, जिसके चलते आम उपभोक्ता को साल में 12 के बजाय 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता था। नए नियमों के लागू होने के बाद पूरे 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान उपलब्ध होंगे, जिससे यूजर्स का साल में कुल 12 रिचार्ज से ही काम चल जाएगा और उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
बिना डेटा वाले ग्राहकों के लिए आएंगे सिर्फ Voice और SMS प्लान
नए नियमों का सबसे बड़ा फायदा उन बुजुर्गों, ग्रामीण और कम आय वर्ग के उपभोक्ताओं को मिलेगा, जो स्मार्टफोन या इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल नहीं करते और सिर्फ कॉलिंग व जरूरी मैसेज के लिए फोन रखते हैं। कंपनियों को अब ऐसे ग्राहकों के लिए सिर्फ ‘Voice and SMS-only’ शॉर्ट वैलिडिटी टैरिफ (STV) प्लान बाजार में उतारने होंगे। अब तक कंपनियों द्वारा महंगे डेटा बंडल प्लान थोपे जाने के कारण ऐसे यूजर्स को मजबूरी में अतिरिक्त पैसे चुकाने पड़ते थे, लेकिन अब वे अपनी जरूरत और बजट के मुताबिक किफायती प्लान चुन सकेंगे।
संसद में गूंजा था मुद्दा, TRAI ने कड़े किए नियम
राघव चड्ढा ने बताया कि जनता की ओर से मिली शिकायतों के बाद उन्होंने 11 मार्च को संसद में इस गंभीर मुद्दे को उठाया था और उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शी व किफायती प्लान्स की मांग की थी। उन्होंने इस उपभोक्ता-हितैषी फैसले के लिए केंद्र सरकार और ट्राई का आभार भी जताया। वहीं, ट्राई का कहना है कि 2024 के पिछले संशोधनों के बावजूद बाजार में बिना डेटा वाले किफायती प्लान्स की भारी कमी देखी जा रही थी। नए नियमों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी आर्थिक क्षमता और जरूरत के हिसाब से सही विकल्प मुहैया कराना है।


Great news for mobile users: now you only need to recharge 12 times a year instead of 13




